पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजोधपुर. कॉमन लॉ एंट्रेंस टेस्ट (क्लैट) की आंसर शीट व परीक्षार्थियों के स्कोर जारी कर दिए गए। कम स्कोर मिलने से देशभर के कई परीक्षार्थी असंतुष्ट हैं। उनका आरोप है कि इस ऑनलाइन टेस्ट में सर्वर डाउन होने से उन्हें कंप्यूटर हैंगिंग व कम स्पीड जैसी परेशानियों से जूझना पड़ा। कई सेंटर्स पर परीक्षा 15 मिनट देरी से शुरू हुई। इसके बावजूद आयोजकों ने एक्स्ट्रा टाइम नहीं दिया। इससे हमारा एग्जाम खराब हुआ। इसे लेकर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा व मध्यप्रदेश सहित कई अन्य राज्यों में स्टूडेंट्स ने न्यायालयों में याचिकाएं दर्ज करवाई हैं। इसके चलते क्लैट पर विवादों के बादल मंडरा गए हैं। नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ एडवांस्ड लीगल स्टडीज कोच्चि की ओर से 13 मई को हुए इस टेस्ट की व्यवस्थाएं खंगालने पर कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। देशभर में ऑनलाइन परीक्षा करवाने का जिम्मा चेन्नई की सिफी टेक्नोलॉजी को दिया गया था, जबकि यह परीक्षा गत वर्ष टीसीएस कंपनी ने व्यवस्थित रूप से करवाई थी।
#कम स्पीड में हैंग होते रहे कंप्यूटर, लेकिन टाइमर चलता रहा, कई सवाल छूट गए
केस 1. परीक्षा ही 15 मिनट देरी से शुरू हुई, इनविजिलेटर ने ध्यान नहीं दिया
जोधपुर के जीत इंस्टीट्यूट पर परीक्षा देने वाले प्रयाग माहेश्वरी ने बताया कि पेपर ही 15 मिनट देर से शुरू हुआ। इनविजिलेटर को बताया तो कहा, एक्स्ट्रा टाइम दे देंगे, लेकिन अंत में अतिरिक्त समय नहीं मिलने से कई सवाल छूट गए।
केस 2. कंप्यूटर कई बार अटका, बताने के बावजूद मदद नहीं मिली
जोधपुर के यूनीक इंफोटेक सेंटर पर परीक्षा देने वाली टीना रत्नू ने बताया कि कंप्यूटर कई बार हैंग हुआ, लेकिन टाइमर लगातार चलता रहा। बताने के बावजूद न मदद मिली, न एक्स्ट्रा टाइम और परीक्षा खत्म हो गई।
केस 3. दो घंटे की परीक्षा का आधा घंटा तो सर्वर के कारण खराब हो गया
जयपुर के राधाकृष्ण इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी पर परीक्षा देने वाली मोनिका सैनी ने बताया कि कुछ स्टूडेंट्स के कंप्यूटर अटकने से आधा घंटा खराब हुआ। ऐसे में सबको एक्स्ट्रा टाइम दे दिया गया। इससे हमारा नुकसान हुआ।
केस 4. स्पीड इतनी धीरे थी कि सवाल ही नहीं खुले, पेपर बिगड़ गया
जयपुर के आर्या इंजीनियरिंग कॉलेज में परीक्षा देने वाली साक्षी अग्रवाल के अनुसार पहले परीक्षा 15 मिनट लेट शुरू हुई। फिर स्पीड इतनी कम थी कि सवाल ही नहीं खुले। कॉलेज वालों ने पहले अतिरिक्त समय देने को कहा, फिर मुकर गए।
एनएलयू जोधपुर राजस्थान की स्थानीय आयोजक थी। प्रदेश के सभी 25 सेंटर्स पर एनएलयू के इनविजिलेटर भेजे गए थे, लेकिन किसी ने भी शिकायतों की पुष्टि नहीं की है। शिकायतें मुख्य आयोजकों को भेज दी जाएगी। -सोहनलाल शर्मा, कुलसचिव, एनएलयू जोधपुर
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.