- Hindi News
- National
- Hamirpur News Cracks In Pucca House Electrical Fittings And Other Household Items Also Burnt Due To Lightning Strikes In Adhwani Village
अधवानी गांव में आसमानी बिजली गिरने से पक्के मकान में आई दरारें, विद्युत फिटिंग और दूसरा घरेलू सामान भी जला
झनियारा इलाके के अधवानी गांव में वीरवार रात आसमानी बिजली गिरने से एक पक्के मकान में दरारें पड़ गई। इस घटना में घर में विद्युत फिटिंग के साथ कई तरह के विद्युत उपकरण भी जल गए। घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को पंचायत प्रतिनिधियों ने घर का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। इसकी सूचना आपदा प्रबंधन विंग को भी दी गई है। लोकल पटवारी से नुकसान का आंकलन करवाया जा रहा है। आसमानी बिजली गिरने की घटना डॉक्टर कमल ठाकुर के घर पर हुई। उन्होंने बताया कि देर शाम हुई इस घटना के समय उनके परिवार के सदस्य सिर्फ 10 मिनट पहले ही कमरे से बाहर निकले थे और उसके बाद अचानक आसमानी बिजली घर पर गिर गई। इसमें मकान के कुछ हिस्से में दरारें पड़ गई है। आसमानी बिजली से निकली चिंगारियां ऊपर उठती देखकर पड़ोसी भी डर गए। पक्का मकान होने के बावजूद इसमें नुकसान हुआ है। विद्युत फिटिंग के अलावा पंखे और दूसरा सामान भी जल गया है। डॉक्टर कमल ने बताया कि उनके घर के नजदीक ही एक काफी ऊंचा बरगद का पेड़ है इसकी वजह से भी हर बार बिजली गिरने की संभावना और खतरा वहां ज्यादा बढ़ जाता है।
दूसरे दिन भी बारिश जारी:शुक्रवार को भी लगातार दूसरे दिन बारिश का कहर जारी रहा। वीरवार रात भी बारिश होती रही इससे तापमान में काफी गिरावट आ गई है और ठंड भी बढ गई है। देर रात हुई ओलावृष्टि से खेतों सडकों पर सफेद चादर बिछ गई थी।
आसमानी बिजली गिरने से जल गई घर की िबजली की फिटिंग।