पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंविश्रामपुर. नप मुख्यालय अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सहिया प्रशिक्षण सभागार में बीटीटी पद पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मी का शव संदिग्ध हालात में बुधवार दोपहर पंखे से लटका मिला। मृतक रामेश्वर केशरी (44) स्थानीय बाजार मुहल्ला वार्ड 16 के रहने वाले थे। इसके अलावा वह एक हिन्दी दैनिक अखबार में बतौर संवाददाता कार्य भी करते थे। मृतक वरीय कांग्रेसी नेता राजेश्वर केशरी के छोटे भाई भी थे।
सूचना मिलते ही रेहला थाना प्रभारी नूतन मोदी व नावाबाजार थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह सदलबल घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। परिजन और ग्रामीणों ने मृतक की हत्या कर शव को पंखे से लटकाये जाने की बात कह इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। वहीं मौके पर उपस्थित बीडीओ सह सीओ विनय कुमार व पुलिस निरीक्षक डीएन रजक ने भी प्रथम दृष्टया मामला हत्या से जुड़ा मामला का अंदेशा जताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अंतिम निष्कर्ष का खुलासा होने की बात कही है।
टेबल पर घुटने के बल खड़ा था रामेश्वर केसरी का शव
रामेश्वर केशरी का शव एक टेबल पर घुटने के बल खड़ा था। शव के गले मे दुपट्टा लगा हुआ था, जिसका दूसरा सिरा छत पर झूलते पंखे से बंधा हुआ था। कमरे में शव के आसपास चूड़ी के टुकड़े, हाथ की लेडीज अंगूठी, कान की बाली में लगने वाले मोती जैसा टुकड़ा, सेब फल भी बिखरा पड़ा था। इसके अलावा मृतक का एक मोबाइल उसी टेबल पर रखा हुआ मिला। देखने से लग रहा था गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को टेबल पर रखकर आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया गया है।
सामने वाले कमरे में आंख के डॉक्टर कर रहे थे इलाज
विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सभागार दूसरे तले में है, जहां शव मिला। उसके सामने वाले कमरे में आंख रोग चिकित्सक मनोज कुमार मरीजों को देख रहे थे। ऐसे में प्रतीत होता है कि घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है। केंद्र के चिकित्सा प्रभारी राजेंद्र कुमार विभागीय कार्य से मेदिनीनगर में थे।
सीसीटीवी फुटेज से सुलझ सकती है गुत्थी : स्वास्थ्य केंद्र में सीसीटीवी कैमरा लगा है। फुटेज से मामले की गुत्थी सुलझ सकती है। स्थानीय लोगों की मानें तो केशरी मृदुभाषी व मिलनसार थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.