पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बेडरूम में संघर्ष, किचन में लगाई आग, महिला का लिव इन पार्टनर सहित पूछताछ के लिए 4 हिरासत में

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर। उज्जैन के वल्लभनगर कॉलोनी में 18 मई को महिला को एलपीजी (रसोई गैस) से जलाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया है। इसमें महिला का लिव-इन-पार्टनर शामिल है। महिला लिव इन रिलेशन में 8 साल से शादीशुदा व्यक्ति के साथ रह रही थी। शुक्रवार को घर के किचन में महिला की जली हुई लाश मिली थी।

 

यह है पूरा मामला

- 35 वर्षीय दीपा वर्मा (शर्मा) का शव घर में जला मिला था। वह दिलीप उर्फ दीपक शर्मा (44) के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दिलीप खुद को जिला कांग्रेस का पूर्व महामंत्री बता रहा है। शुक्रवार सुबह छत पर गए पड़ोसी जितेंद्र पंवार ने दीपा के मकान से धुंआ निकलते देख पुलिस को सूचना दी।

- पुलिस को किचन में दीपा की बिस्तर और गद्दे के नीचे जली हुई लाश मिली। गैस सिलेंडर की नली भी चूल्हे से निकली हुई थी जिससे गैस रिस रही थी।

- दीपा 90% जल चुकी थी। दीवार-दरवाजे पर खून के निशान मिले और हाथ की नस कटी हुई थी। शाम को डॉ. एलके तिवारी,  डॉ अजय दिवाकर और डॉ. रेखा गोमे के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। डॉ. तिवारी ने ओपिनियन दिया कि महिला को जलाकर मारा है।

- एफएसएल अधिकारी डॉ. प्रीति गायकवाड़ के अनुसार, एलपीजी से जलाकर मारने का यह पहला मामला है।

- एसपी सचिन अतुलकर ने कहा, कुछ लोगों पर संदेह है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने देर रात हत्या का केस दर्ज कर लिया है।


दीपा का पति से तलाक, पार्टनर भी शादीशुदा
- दीपा वर्मा भैरवगढ़ जेलरोड स्थित ज्ञान टेकरी की रहने वाली थी। परिवार में मां के अलावा दो छोटे भाई हैं। 14 वर्ष की उम्र में देवास के राकेश वर्मा से शादी हुई थी। तीन बच्चे हैं।

- पति शराब पीकर मारपीट करता था, इसलिए उसे तलाक दे दिया। उज्जैन के फ्रीगंज में 8 साल पहले घूमने आई थी तब दिलीप से पहचान हुई थी। दोनों में दोस्ती बढ़ी और पति-पत्नी की तरह लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे।

- 18 जनवरी 2018 को दिलीप ने वल्लभनगर में मकान किराए से लिया। तब से दीपा इस मकान में रह रही थी।

- दिलीप भी शादीशुदा है और उसका एक बेटा है जो पत्नी के साथ गांव में रहता था। दिलीप यहां दीपा से एक-दो दिन छोड़कर मिलने आता था।

 

क्राइम ब्रांच कर रही पार्टनर से पूछताछ

- महिला की मौत की जानकारी लगते पर लिव इन पार्टनर दिलीप मौके पर पहुंचा। जहां से क्राइम ब्रांच उसे पकड़कर पूछताछ के लिए ले गई। पुलिस ने दिलीप और तीन अन्य को भी पूछताछ के लिए पकड़ा है।

- दीपा के छोटे भाई मनोज और महेश ने बयान में आरोप लगाया कि दिलीप आए दिन दीदी से मारपीट करता था।


सबूत जो हमला और हत्या की अोर इशारा करते हैं...
- किचन में दीपा के ऊपर दरी, चादर, मोटी रजाई, तकिया और पायदान पड़ा मिला। इससे लगता है हमला करने के बाद उसके ऊपर ये सब डाले।
- दीपा के गले और कलाई पर चाकू जैसी चोट मिली। संभवत: बेहोशी की हालत में उसे जलाया गया।
- बेडरूम में बिस्तर और दीवार पर कई जगह खून के छींटे मिले।
- चूल्हे और सिलेंडर के नोजल पर कार्बन जमा पाया गया। इससे साबित होता है नली निकालकर आग लगाई।
- किचन के पास वाले कमरे की कुंडी भी अंदर से टूटी होने से लगता है महिला ने संघर्ष किया और बचने के लिए अंदर से कुंडी लगा ली, जो हमलावर ने तोड़ दी।
- हमला करने वाला कोई परिचित ही है। जो घर की पूरी स्थिति से वाकिफ था। किचन में ले जाकर उसे जलाया।
- सबूत मिटाने के लिए महिला का मोबाइल भी जला दिया।