पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दिल्ली चुनाव में बड़े पैमाने पर मतदान

दिल्ली चुनाव में बड़े पैमाने पर मतदान

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

सियासी पार्टियों के बीच चल रहे आरोप प्रत्यारोप के बीच दिल्ली के मतदाता बड़ी तादाद में घरों से निकल कर वोट डाल रहे हैं.

तीन बजे तक 50 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जबकि मतदान केंद्रों पर लंबी क़तारें लगी हुई हैं.

आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर पैसे व शराब बांटकर वोटरों को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है.

जबकि भारतीय जनता पार्टी ने आप पर मतदाताओं को डराने धमकाने का आरोप लगाया है.

भाजपा की मुख्यमंत्री पद की दावेदार किरण बेदी ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें कथित तौर पर मतदाताओं को धमकाया जा रहा है.

आरोप-प्रत्यारोप

मतदान के बाद किरण बेदी अपनी गाड़ी की छत पर चढ़कर समर्थकों का उत्साह बढ़ाया.

आप ने आरोप भी लगाया है कि उसके प्रभाव वाले इलाकों में मतदान जानबूझ कर धीमा कर दिया गया है.

मुख्य चुनाव आयुक्त एचएस ब्रह्मा ने इस आरोप को ख़ारिज़ करते हुए कहा है कि बूथ पर मौजूद अंतिम मतदाता के वोट डालने तक चुनाव प्रक्रिया चलती रहेगी.

उन्होंने उम्मीद जताई है कि 65-70 फ़ीसदी तक मतदान हो सकता है.

अपराह्न तीन बजे तक सबसे ज़्यादा 58 प्रतिशत वोट सीलमपुर में पड़े थे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर युवा मतदाताओं से वोट डालने की अपील की है.

तक़रीबन 12,000 मतदान केंद्रों पर 673 उम्मीदवारों के भाग्य का फ़ैसला होना है. दिल्ली विधानसभा के लिए 1.33 करोड़ मतदाता हैं.

दावे

शुरू में पॉश इलाकों में मतदान धीमा था, पर अन्य इलाकों और बस्तियों में सुबह से ही काफ़ी गहमागहमी देखी गई.

केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने दावा किया, \"मुझे शत प्रतिशत विश्वास है कि हमारी पार्टी ही चुनाव जीतेगी.\"

\'आप\' नेता आशुतोष ने 40 से 42 सीटें जीतने का दावा करते हुए भरोसा जताया कि सरकार उन्हीं की पार्टी बनेगी.

उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी ने मतदान किया.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)