मांग में सिंदूर भर प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर दी जान
मांग में सिंदूर भर प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर दी जान
फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक कोन थाना क्षेत्र के असनाबाध गांव निवासी युवती मन्डोला उर्फ यशोदा (19) का गांव के ही युवक विद्यासागर (24) से प्रेम संबन्ध था। बताते हैं कि दोनों एक-दूसरे से चोरी छिपे मिला करते थे। जब उनके सम्बन्धों का पता यशोदा के घर वालों को चला तो उन्होंने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। 13 जून को मन्डोला की बारात आनी थी। लेकिन वह शादी को तैयार नहीं थी और विद्यासागर से उसकी मुलाकात जारी रही। दोनों एक-दूसरे से फोन पर भी बात करते रहे।
बताते हैं कि रविवार तड़के दोनों ने फोन पर बात की और घर से कुछ दूरी पर स्थित एक बबूल के पेड़ के पास मिले, जहां जान देने से पहले विद्यासागर ने यशोदा के मांग में सिंदूर भी लगाया और फिर फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बताया कि रविवार भोर 3:54 बजे दोनों ने अंतिम बार मोबाइल से बात की। इसके बाद दोनों कहीं मिले, उस दौरान युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भी भरा। इसके बाद फांसी लगा खुदकशी कर ली। पुलिस ने बताया कि लड़के के हाथ में और जिस रस्सी से फांसी लगाई हैं उसमें भी सिंदूर लगा है।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया है।
--आईएएनएस