कच्चे अंडे, मांस का प्रयोग न करें, जानवरों से दूर रहें
सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा लगातार एलईडी वाहनों के माध्यम से वीडियो क्लिप दिखाकर नॉवेल कोरोना वायरस, सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम चलाये जा रहे है। शनिवार को तोरपा प्रखंड के अम्मा पंचायत अंतर्गत कनकलोया ग्राम में एलईडी वैन द्वारा वीडियो क्लिप के माध्यम से लोगों को नॉवेल कोरोना वायरस से बचाव व इसके लक्षणों से अवगत कराया गया।
बताया गया कि नॉवेल कोरोना वायरस से अनावश्यक डरने की ज़रुरत नहीं है। सावधानी व सतर्कता बरतकर कोरोना वायरस से आसानी से बचाव किया जा सकता है। इसे फैलने से रोका जा सकता है। बताया गया नाक बहना, कफ व खांसी, गला दर्द, सिर दर्द, अधिक दिनों तक बुखार, निमोनिया एवं ब्रोकाइटिस कोरोना वायरस के संक्रमण के मुख्य लक्षण हैं। वीडियो का प्रदर्शन कर ग्रामीणों को जानकारी दी गई कि कोरोना वायरस से बचाव हेतु अपने हाथों को बार-बार साबुन और पानी अथवा हैंड सैनिटाइजर या अल्कोहल युक्त हैंड रब से साफ किया करें। खांसते व छींकते वक्त अपने नाक व मुंह को हथेली या टिशू पेपर से ढका करें। लोगों को बताया गया कि जिस व्यक्ति को सर्दी व फ्लू जैसे लक्षण हों उससे दूरी बनायें रखें।
साथ ही जानवरों से संपर्क में कमी लायें। हमेशा पूरी तरह पका हुआ खाना खाएं। कच्चे अंडे व मांस का प्रयोग हरगिज़ नहीं करना चाहिए। ठंड़े खाद्य पदार्थों उपयोग नहीं करने व पानी में नमक डालकर गरारे करने के लिए प्रेरित किया गया। आमलोगों को भीड़-भाड़ स्थानों पर जाने से परहेज के प्रति सजग किया गया। लोगों को जागरुक किया गया कि कोरोना वायरस से बचाव व लक्षण के सतर्कता से संबंधित जानकारी अपने आस-पास के लोगों को भी दें और आवश्यक हाेने पर चिकित्सक से संपर्क करें। वीडियो दिखाकर ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा एवं नए मोटर वाहन अधिनियम 2019 के संबंध में जानकारी दी गई। लोगों को ट्रैफिक के नियमों का अनुपालन के लिए प्रेरित किया गया। हेलमेट पहनने के फायदे से अवगत कराते हुए दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग एवं कार चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग के प्रति सजग किया गया। बताया गया कि सवारी करते समय दोनों सवारों के लिए हेलमेट पहनना जरुरी होता है क्योंकि दुर्घटना के समय चालक व साथ-साथ पीछे बैठे व्यक्ति को चोट लगने का खतरा बराबर रहता है।
वीडियो देखकर कोरोना वायरस से बचाव के तरीके सीखते ग्रामीण।