पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बैंक मैनेजर पत्नी, दो बेटियों का गला घोंट पंखे से लटका डॉक्टर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

समस्तीपुर.  शहर के आदर्शनगर मोहल्ला में सोमवार को होमियोपैथ चिकित्सक रीतेश कुमार (36) ने दो बेटी सृष्टि (10), श्रेया (8) व बैंक मैनेजर पत्नी की गला घोंट कर हत्या कर दी और खुद भी पंखे से लटक कर खुदकुशी कर ली। डॉ. रीतेश बेगूसराय के दहिया भगवानपुर के रहने वाले थे। उनकी पत्नी पूजा कुमारी (32) जिले के केवश निजामत स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा प्रबंधक थी। 

 

घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक दीपक रंजन ने दल बल के साथ मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। डॉ. रीतेश पिछले दो सालों से आदर्शनगर स्थित एक बड़े मकान के चौथे तल्ले पर पत्नी व दोनों बेटी के साथ रहते थे। उनकी दोनों बेटी शहर के एक निजी स्कूल की छात्रा है। लोगों ने बताया कि सोमवार को दिन भर रीतेश का कमरा नहीं खुला, न ही कमरे के अंदर कोई आवाज आ रही थी। सुबह काम करने वाली दाई भी खटखटाकर लौट गई। 

 

शाम को भी कमरे से कोई नहीं निकला तो उक्त मकान में रहने वाले अन्य लोगों ने अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना पर जब मुफस्सिल पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रिल तोड़कर कमरे के अंदर गई तो सभी दंग रह गए। दंपती समेत दोनों बच्चियों का शव दो अलग-अलग कमरों में पड़ा हुआ था। दोनों बच्ची की हत्या गमछा से गला घोंट कर की गई थी। 

 

दोनों का शव मकान कमरे में पलंग पर पड़ा था, जबकि दूसरे कमरे में पलंग पर बैंक मैनेजर पूजा का शव पड़ा हुआ था। पूजा को भी गला घोंट कर मारा गया था। उसी कमरे में रीतेश का शव गमछा के सहारे पंखे से लटक रहा था। पलंग पर प्लास्टिक की कुर्सी भी उल्टी पड़ी थी। माना जा रहा है कुर्सी पर चढ़ कर रीतेश ने आत्महत्या की है। 

 

डॉक्टर के कमरे में मिली डिप्रेशन की दवा 
एसपी ने बताया कि जांच के दौरान डॉ. रीतेश के कमरे से डिप्रेशन की दवा भारी मात्रा में मिली है। उसे जब्त कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि डिप्रेशन की दवा मिलने से यह आशंका प्रबल हो गई है कि डॉक्टर व उनकी पत्नी डिप्रेशन के शिकार थे। हालांकि आसपास के लोगों का कहना है कि डॉक्टर का परिवार हंसता-खेलता था। कभी दंपती के बीच झगड़े की आवाज बाहर नहीं निकली थी। 

 

कम से कम पंद्रह घंटा पूर्व हुई है सभी लोगों की मौत 
पुलिस का मानना है कि डॉ. रीतेश व पूजा तथा दोनों बच्चियों की मौत कम से कम 15 घंटा पूर्व हुई है। इससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि डॉ. ने गहरी रात में मौत का तांडव किया है। जिस कारण बच्ची व उनकी पत्नी की चीख बाहर नहीं पहुंच पाई। जिससे पास के फ्लैट में रहने वाले लोगों को घटना की भनक तक नहीं लगी। 

 

प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह का लग रहा है। पुलिस घटना के अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम को बुलावा भेजा गया है।  - दीपक रंजन, एसपी, समस्तीपुर

खबरें और भी हैं...