पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

रांची के 25% बोरवेल सूखे, इनमें 50 फीसदी इलाकों में सप्लाई का पानी भी नहीं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रांची. राजधानी में भू गर्भ जल स्तर नीचे जाने की वजह से हजारों घर में लगा बोरवेल फेल हो गया है। नगर निगम के 100 से अधिक बोरवेल और 10 से अधिक एचवाईडीटी  काम नहीं कर रहा। 800 फुट गहरा हाइड्रेंट भी रुला रहा है। शहर की  घनी आबादी वाले क्षेत्र मधुकम, विद्यानगर, रातू रोड, थड़पखना, हिंदपीढ़ी, हेसल, पिस्कामोड़ क्षेत्र में करीब 80 फीसदी घर का बोरवेल फेल हो गया है। अचानक वाटर लेवल नीचे जाने से कई घरों में मोटर जल गया है। इन क्षेत्रों में सप्लाई पाइपलाइन में भी पानी आने का कोई टाइम टेबल नहीं है। जब पानी आता भी है तो प्रेशर नहीं होता। इसलिए पानी के इंतजार में लोगों को रात और दिन इंतजार करना पड़ रहा है। निगम का हाइड्रेंट फेल होने से स्थिति सबसे अधिक खराब हो गई है। हरमू, विद्यानगर, गंगा नगर, मधुकम में एक टैंकर पानी आ रहा है। ऐसे में लोगों को चार से पांच बाल्टी ही पानी मिल रहा है। इन क्षेत्रों में कई लोग पीने का पानी खरीद रहे हैं। जिन घरों में किराए पर लोग रह रहे थे वे घर खाली करने लगे हैं। पानी वाले क्षेत्रों में घर ले रहे हैं, ताकि बच्चों को पानी के लिए भटकना न पड़े। शहर के 10 मुहल्लों में पानी की स्थिति की पड़ताल करती दैनिक भास्कर की रिपोर्ट’:- 

 

शहर के 6 प्रमुख इलाकों से भास्कर की लाइव रिपोर्ट

महुआटोली :  यहां गड्ढे में बर्तन डालकर पानी भरने को लोग विवश हैं। कभी रात तो कभी दिन में पानी की सप्लाई।
गंगा नगर : 60 प्रतिशत घर में बोरवेल है। 200 से 300 फुट गहरा अधिकतर बोरिंग फेल हो गया है।
विद्यानगर : अधिकतर घरों के 150 से 200 फुट गहरा बोरवेल हैं। ये सूख गए हैं। क्योंकि, हरमू में स्थित हाइड्रेंट पिछले चार दिनों से खराब है। इससे पानी सिर्फ बोरवेल से खींचा जा रहा था।
किशोरगंज : रोड नंबर 1 से 10 में स्थित 80 प्रतिशत घरों का बोरवेल सूख गया है। पिछले एक माह के अंदर अचानक वाटर लेवल में कमी आई है।
 चुटिया : चुटिया के मचकुंद टोली, केतारीबागान, स्टेशन रोड में भी पानी की किल्लत है। यहां पुराना बोरवेल ही फेल हुआ है। नए बोरवेल में पानी है।
न्यू मधुकम : वार्ड नंबर 28 के अन्तर्गत यह क्षेत्र आता है। न्यू मधुकम, देवी मंडप रोड, तालाब साइड में 80 प्रतिशत घरों का बोरवेल फेल हो गया है। 

 

पानी पर भास्कर की विशेष हेल्प लाइन

अभी गर्मी एक महीने और है। एक चौथाई शहर में पानी लगभग सूख चुका है। सप्लाई व्यवस्था भी न के बराबर है। ऐसे में दैनिक भास्कर ने आपकी आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए दो सीनियर रिपोर्टरों की विशेष टीम बनाई है। आप इन्हें वाट‌्सएप, मैसेज के जरिए अपनी समस्या बता सकते हैं। इनके मोबाइल नंबर हैं संतोष चौधरी 9431363003, कौशल आनंद 9304072752
हेल्प लाइन का समय : सुबह 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक

 

खबरें और भी हैं...