पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. व्यापमं घोटाले के मुख्य आरोपी डॉ. जगदीश सागर के स्कीम 94, सेक्टर ए स्थित दो बंगले और दो प्लॉट पर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) इंदौर ने बुधवार को कब्जा ले लिया। दोनो ं बंगले आमने-सामने बने हुए हैं, वहीं दोनो प्लॉट भी बंगले के पास ही हैं। इन संपत्तियों की बाजार कीमत तीन करोड़ से ज्यादा है। अधिकारी, पुलिस बल के साथ दोपहर में ही पहुंच गए थे, लेकिन डॉ. सागर ने चार-पांच घंटे तक दरवाजा ही नहीं खोला।
घर में परिजन के होने के चलते टीम भी बाहर इंतजार करती रही। बाद में मुश्किल से परिजनों ने दरवाजा खोला और कहा- सागर घर में नहीं हैं। बताया जा रहा है कि वह घर पर पत्नी, बेटी व अन्य परिजन को अकेला छोड़कर पीछे के दरवाजे से भाग गया। एक बंगले में सागर के परिजन और दूसरा बंगला किराए पर दिया हुआ है। दोनों बंगले खाली करने को कहा गया है।
हाल ही में खारिज की थी याचिका
व्यापमं घोटाले के आरोपी सागर, विनोद भंडारी सहित 20 से ज्यादा लोगों पर ईडी ने मनी लॉण्ड्रिंग एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया हुआ है। इसी के तहत ईडी पहले ही सागर, भंडारी की विविध संपत्तियों को अटैच करने के आदेश जारी कर चुका है। सागर के खिलाफ भी संपत्ति अटैच करने के आदेश दो साल पहले हो गए थे, बाद में ईडी न्यायाधिकरण ने भी इसे मंजूर कर लिया। सागर ने इस अटैचमेंट के खिलाफ हाई कोर्ट इंदौर में अपील भी की थी, जिसे हाल ही में दो माह पहले खारिज किया जा चुका है। इसके बाद से ही ईडी कार्रवाई की तैयारी कर रहा था।
संपत्तियों पर भी कब्जा लेगा ईडी
ईडी इसी तरह अन्य आरोपियों के खिलाफ हुए अटैचमेंट के तहत जल्द ही भौतिक कब्जा लेने की कार्रवाई करेगा। सभी की संपत्ति भी तलाशी जा रही है, जिससे अटैचमेंट किया जा सके।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.