- Hindi News
- National
- Torpa News Elephants Broke Into 4 Houses In Taimpur In Tamad And Broke Paddy Terror In The Village
तमाड़ के टीमपुर में हाथियों ने रात 12 बजे 4 घर तोड़ कर धान किए चट, गांव में है दहशत
तमाड़ थाना क्षेत्र में इन दिनों जंगली हाथियों का उत्पात थम नहीं रहा। गांगो गांव में बुधवार की रात विधवा पानो देवी को कुचल कर मार डालने के बाद गुरुवार की रात चार जंगली हाथियों ने टीमपुर गांव में चार-चार घर उजाड़ दिया और चारो गरीब परिवारों को छत विहीन कर दिया। इनमें शांति देवी, पुत्र प्रदीप रवानी, प्रकाश रवानी और पुत्री पटका कुमारी आदि शामिल हैं। जिनके अलावे तरनी पुरान, तरुण पुराण और टुसू देवी का घर भी जंगली हाथियों ने उजाड़ दिया। घटना रात्रि करीब बारह बजे की बताई जाती है। चार जंगली हाथी गांव में आ धमके और शांति देवी के घर को सर्वप्रथम निशाने पर लिया। बताया जाता है कि दो हाथियों ने एक घर के दीवाल को तोड़ा और उस पर रखे खून पसीने की उपज करीब बारह क्विंटल धान के मोरे को चट कर गए। अन्य दो हाथियों ने समीप स्थित दूसरे घर को खपरैल के घर का दीवाल समेत छत को उजाड़ दिया जिसमें सपरिवार साँस रोक दबे रहे और अपनी जान बचाई। इसके बाद तरनी पुरान, तरुण पुराण आदि के घरों को नुकसान पहुंचाया । इधर, जंगली हाथियों द्वारा गांव में किये जा रहे उत्पात को देख युवक इकट्ठे हुए और जान जोखिम में डालकर खदेड़ दिया। एक घण्टे तक हाथियों के उत्पात के बाद भी ग्रामीण रतजगा करते रहे। शुक्रवार को हाथियों के दहशत से घबराए दर्जनों ग्रामीण तमाड़ स्थित वन क्षेत्र कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। अधिकारियो की टीम गांव में जाकर क्षति का जायजा लिया और सरकार से मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान दहशतगर्द लोगों को वन विभाग द्वारा पटाखे देकर पिंड छुड़ाया। इसे ग्रामीण काफी आक्रोशित दिखे।
ग्रामीणों के बीच पटाखे, किरासन बांटा
लापुंग | लापुंग थाना क्षेत्र के जंगली हाथी प्रभावित गांव में वन विभाग ने जंगली हाथी भगाने के लिए अभियान चलाया और ग्रामीणों के बीच आवश्यक सामग्री का वितरण किया। वन समिति के अध्यक्ष राम किशोर सिंह और वन विभाग के वनरक्षी सुभाष प्रमाणिक ने लापुंग प्रखंड के रामा टोली, अकमरोमा कैलू टोली, बगीचा टोली ,भगत टोली, मुरूप पोकटा और कंडरकेल गांव में मशाल बनाने के लिए मोबिल, किरासन तेल, बोरा, पटाखा, मिर्चा बम समेत कई तरह के सामानों का वितरण किया। राम किशोर सिंह ने ग्रामीणों को जंगली हाथी आने पर सावधानी बरतने और छेड़छाड़ ना करने की नसीहत दी । उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से जंगली हाथी पर ढेला पत्थर ना फेंके। इस मौके पर स्थानीय मुखिया कंचन उरांव विशेष रूप से मौजूद थे। मुखिया ने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को जंगली हाथी के भागने तक गांव में ही कैंप करना चाहिए।
जंगली हाथी ने घर धंसा कर अनाज चट किया
तमाड़ : ग्रामीणों में बंटे टॉर्च और पटाखे
अपने टूटे घर के साथ शंकर साहू।
तोरपा | कमड़ा के बास्की में जंगली हाथी ने घर धंसा कर अनाज को चट कर गया। बिरता पहाड़ से सटे ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथी लगातार उत्पात मचाये हुए हैं। गांव के शंकर साहु के घर को तोड़ अंदर रखें अनाज को चट कर गये। इसके साथ रात भर कई अन्य घरों को तोड़ा तथा कई खेतों में लगे सब्जियों को अपना आहार बना लिया।
तमाड़ के टीमपुर में जंगली हाथियों का उत्पात।
तमाड़ वन कार्यालय में बंटे टॉर्च व पटाखे।
तमाड़ | प्रखंड में जंगली हाथियों के आतंक से पीड़ित दर्जनों गांवों और लोगों के बीच वन विभाग कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर अधिकारियो द्वारा और टॉर्च व पटाखे वितरण किये गए। इनमें गांगो, कोईजानिगुड़ा, लोंडरा, मानकीडीह, टिंपुर आदि के लोग शामिल रहे । मालूम हो उक्त गाँवो में हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया था तथा कई गांव में घरों को तोड़ दिया था। इस दौरान कई लोग बाल -बाल बच गए। गांगो में एक महिला पानो देवी की बुधवार रात को हाथियों ने कुचलकर मार डाला था। टिंपुर में प्रदीप रवानी, तरणी पुरान, तरूण पुरान, मो. टुसू देवी, महेन्द्र मछुआ के घर को तोड़ अनाज खा गए। वहीं लोंडरा मानकीडीह में मनसा महली, बुधनलाल बांस महली तथा अर्जुन महली के घर को तोड़ दिया था। सभी पीड़ित गाँवो में लोगों को रात्रि जागरण करने पर बाध्य होना पड़ रहा है।