- Hindi News
- National
- Chanho News Farmers Selling Paddy Did Not Get Money Even After Three Months
धान बेचने वाले किसानों को तीन महीने बाद भी नहीं मिला पैसा
किसानों को उसकी उपज व मेहनत का सही मूल्य देने के उद्देश्य से पूरे राज्य में धान क्रय केंद्र खोला गया है। किसान अपने धान को यहां बेचकर बाजार से अधिक मूल्य ले सके और सुखी जीवन जी सकें, लेकिन किसानों के हितों की बड़ी बातें करने वाली वर्तमान सरकार की लापरवाही के कारण चान्हो प्रखंड के किसानों की होली फीकी पड़ती दिख रही है। तीन महीने पहले धान क्रय केंद्र में धान बेचने वाले 89 किसान धान का पैसा नहीं मिलने से उदास और मायूस हैं। कुल 89 किसानों ने सोंस लैम्पस स्थित धान क्रय केंद्र के माध्यम से 552 टन और 180 किलो धान बेचा है। इसकी राशि एक करोड़ दस लाख 43 हजार छह सौ रुपए होते हैं। 10 जनवरी को क्रय केंद्र का उदघाटन होने के बाद किसानों ने क्रय केंद्र में यह सोच धान बेचा था कि उनको बाजार से अधिक पैसे मिलेंगे।
लेकिन ठीक इसके उलट अभी किसानों को अपने पैसों के लिए क्रय केंद्र का चक्कर लगाना पड़ रहा है। केंद्र के प्रबंधक अजय कुमार बताते हैं कि धान बेचने वाले 64 किसानों का बिल जमा कर दिया गया है, लेकिन उनके खातों में पैसा क्यों नहीं आ रहा है, यह उच्चाधिकारी ही बता सकते हैं।
जल्द ही सारे किसानों को भुगतान कर दिया जाएगा
एमडी का पोस्ट रिटायरमेंट के कारण रिक्त हो गया था, इसलिए पैसा भुगतान में देरी हुई, लेकिन पिछले तीन दिनों से भुगतान शुरू कर दिया गया है। जल्द ही सारे किसानों को भुगतान कर दिया जाएगा। यह बात सही है कि एक सप्ताह के अंदर भुगतान करना था, लेकिन देरी तो हुई है।
-मनोज कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी, रांची।