खेती को जैविक खादों का प्रयोग करें किसान: सत्ती
ऊना | कृषि विभाग के सौजन्य से वीरवार को ग्राम पंचायत कुठार कलां में मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत किसान मेले का आयोजन किया गया। जिसमें पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मेले में किसानों को बीज वितरित किए गए। इस मौके पर सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि रासायनिक खादों के अत्यधिक प्रयोग से जहां भूमि को नुकसान पहुंच रहा है। वहीं इनके प्रयोग से उत्पन्न खाद्यान्न स्वास्थ्य के लिए काफी हानिकारक हैं। उन्होंने बताया कि रासायनिक खादों के प्रयोग को कम करने और जैविक खादों के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार द्वारा आरंभ की गई प्राकृतिक खेती-खुशहाल किसान योजना के तहत गौशालाओं को पक्का करने तथा गौमूत्र व गोबर एकत्रित करने के लिए गौशाला बदलाव हेतु 80% उपदान दिया जा रहा है।