मौसम आधारित कृषि से किसानों की आय होगी दोगुनी
तोरपा | कृषि विज्ञान केंद्र तोरपा में महिला दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित आईसीएआर आईआईएनआरजी प्रौद्योगिकी हस्तांतरण विभाग के अध्यक्ष डा निर्मल कुमार ने कहा कि महिलाएं सशक्त होगी तब ही समाज मजबूत होगा। इस दौरान उपस्थित तेजस्विनी परियोजना के लगभग 70 से अधिक महिलाओं को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष ज्योतिर्मय घोष ने कहा कि कभी खेती बारी पुरूषों के एकाधिकार का काम होता था लेकिन आज महिलाएं इस कार्य में भी कदम मिला कर चल रही हैं। उन्होंने महिलाओं को पोषण थाली, किचन गार्डन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं मौसम वैज्ञानिक राजन चौधरी ने मौसम आधारित खेती की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मौसम को ध्यान में रख खेती करने की सलाह दी ताकि वे अपनी वर्तमान आय को दुगनी कर सके। मौके पर परियोजना के प्रखंड समन्वयक कुंदन कुमार, आशुतोष प्रभात, विद्यापति विद्याकर, लक्ष्मी झा आदि उपस्थित थे।