पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभभुआ. रिटायर्ड शिक्षक को बेटे ने चाकू घोंपने के बाद क्रिकेट बैट से पीट-पीट कर मार डाला। घटना मंगलवार देर रात भभुआ थाना क्षेत्र के कुड़ासन गांव में घटी। मृतक 70 वर्षीय अलियार राम था। आरोपी पुत्र दिनेश राम को बड़े भाई संजय राम ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक की दूसरी पत्नी इंद्रावती देवी ने छोटे बेटे दिनेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
कहा कि मंगलवार की शाम उसके पति बाजार गए थे। शाम 6 बजे लौटे तो पुत्र दिनेश कहने लगा कि 5 बीघा जमीन को मेरे नाम करो और पेंशन मुझे दे दो। पिता ने कहा कि मेरे तीन पुत्र हैं, सभी को बराबर हिस्सा दूंगा। इस बात से नाराज दिनेश ने पिता को पीटना शुरू कर दिया। रात करीब 12 बजे उसने पिता को पहले पैर में चाकू घोंपकर दिया, फिर सिर पर बैट से वार कर हत्या कर दी। इस दौरान उसने मां को कमरे में बंद कर दिया था।
आरोपी बोला-मां और बड़े भाई ने की है पिता की हत्या
भीड़ की पिटाई से घायल आरोपी बेटे दिनेश ने बताया है कि चंद्रावती उसकी सौतेली मां है। मां बड़े भाई संजय को ज्यादा मानती है। पिता मुझे ज्यादा मानते थे। पढ़ाई व खाने-पीने का खर्च देते थे। अन्य दोनों भाई अलग रहते हैं। भाइयों को जलन थी कि पिता की पेंशन मुझे क्यों मिलती है। बीती रात वह गांव के ही एक शादी में गया था। देर रात जब वह शौच के लिए घर आया तो बड़ा भाई पीटने लगा। मां कहने लगी इसी ने पिता की हत्या कर दी है जबकि संजय ने ही मां के साथ मिल कर पिता को मार डाला।
शिक्षक ने की थीं दो शादियां
अलियार राम की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी से एक बेटी है जिसकी शादी हो चुकी है। पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी इंद्रावती से हुई। इंद्रावती के पहले पति से एक बेटा संजय राम व दो बेटियां हैं। संजय साथ ही रहता है। अलियार से चंद्रावती के दो बेटे व दो बेटियां हैं। पहला बेटा राजेश राम सिपाही है। दिनेश छोटा बेटा है।
मौके से बैट और चाकू जब्त
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बैट व चाकू मौके से बरामद कर लिया। बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुका है। घटना की तफ्तीश जारी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.