- मेसी 3 विश्व कप में गोल करने वाले अर्जेंटीना के तीसरे खिलाड़ी बने
- इससे पहले डिएगो मैराडोना और ग्रैबियल बतिस्तुता ऐसा कर चुके हैं
- मेसी को रेफरी ने खेल धीमा करने के कारण 90+4 मिनट में यलो कार्ड दिखाया
सेंट पीटर्सबर्ग (रूस). विश्व कप के ग्रुप डी में मंगलवार को अर्जेंटीना ने नाइजीरिया को 2-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही अर्जेंटीना प्री-क्वार्टरफाइनल में पहुंच गई। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी ने 14वें मिनट में गोल कर टीम को आगे कर दिया था। लेकिन, नाइजीरिया के लिए विक्टर मोसेस ने 51वें मिनट में पेनल्टी से गोल कर टीम को बराबरी दिला दी। मैच खत्म होने से पहले अर्जेंटीना के मार्कोस रोजो ने 86वें मिनट में गोल कर टीम को निर्णायक बढ़त दिला दी। अर्जेंटीना ने इस जीत के साथ ही ग्रुप स्टेज में अपने आखिरी मैच में जीतने का सिलसिला बरकरार रखा। उसने आज तक कभी भी विश्व कप के ग्रुप स्टेज में अपना आखिरी मुकाबला नहीं गंवाया है।
मेसी ने 2014 विश्वकप में नाइजीरिया के खिलाफ अपना आखिरी गोल किया था। उसके बाद उन्होंने 4 मैच और खेले, लेकिन गोल नहीं कर पाए। विश्वकप 2018 के पहले दो मैच में भी वे कोई गोल नहीं कर पाए थे। लेकिन मंगलवार को नाइजीरिया के खिलाफ 6 मैचों के 660 मिनट बाद गोल किया।
लगातार चौथी बार प्री-क्वार्टरफाइनल में पहुंची अर्जेंटीनी टीम
मेसी के टीम में आने के बाद से अर्जेंटीना कभी भी ग्रुप स्टेज से बाहर नहीं हुआ। उसने 2006, 2010 और 2014 के बाद लगातार चौथी बार प्री-क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। 2014 के फाइनल में जर्मनी ने उसे 1-0 से हराया था। वहीं, 26 जून अर्जेंटीना के लिए शुभ साबित हुआ है। उसने 20 साल पहले 1998 में 26 जून को ही क्रोएशिया को 2-1 से हराया था। इस मैच में मार्कोस रोजो ने अपना तीसरा अंतरराष्ट्रीय गोल किया। उन्होंने इससे पहले एक गोल 2014 विश्व कप में नाइजीरिया के खिलाफ ही किया था। रोजो ने उस मैच में भी 2-2 की बराबरी के बाद निर्णायक गोल किया था।
इस मैच में उतरी अर्जेंटीना की सबसे उम्रदराज टीम
अर्जेंटीना की टीम की औसत आयु इस मैच में 30 साल और 190 दिन है। अर्जेंटीना ने इससे पहले जितनी भी बार विश्व कप खेला, उसके खिलाड़ियों की औसत उम्र इससे कम ही थी।
नाइजीरिया और अर्जेंटीना के बीच अब तक कुल 9 मैच हुए हैं। 6 में अर्जेंटीना और 2 में नाइजीरिया जीता है। एक मुकाबला ड्रॉ रहा। गोल करने के मामले में दोनों टीमों के बीच बहुत अंतर नहीं है। अर्जेंटीना ने 9 मैच में 14, जबकि नाइजीरिया ने 13 गोल किए हैं। दोनों टीमों के बीच पिछले विश्व कप में हुआ मैच भी अर्जेंटीना ने जीता था।
नाइजीरिया के मुकाबले अर्जेंटीना को मिले ज्यादा यलो कार्ड
टीम | गोल का प्रयास | कॉर्नर | बॉल पजेशन | पास | पास एक्यूरेसी | यलो कार्ड |
नाइजीरिया | 9 | 3 | 35% | 260 | 72% | 2 |
अर्जेंटीना | 8 | 5 | 65% | 562 |
83% |
3 |
अंक तालिका- ग्रुप डी
देश | मैच खेले | जीते | हारे | ड्रॉ | अंक |
क्रोएशिया | 3 | 3 | 0 | 0 | 9 |
अर्जेंटीना | 3 | 1 | 1 | 1 | 4 |
नाइजीरिया | 3 | 1 | 2 | 0 | 3 |
आइसलैंड | 3 | 0 | 2 | 1 | 1 |
टीमें:
नाइजीरिया (शुरुआती एकादश): उजोहो, ब्रायन इडोवु, विलियम एकोंग, बलोगुन, ओमेरूओ, एंडीडी, इटेबो, मिकेल, विक्टर मोसेस, अहमद मूसा, इहेनाचो।
अर्जेंटीना (शुरुआती एकादश): फ्रांको अरमानी, ग्रेबिएल मासेर्डो, निकोल्स टागलियाफिको, जेवियर मास्चरेनो, माकोर्स रोजो, निकालेल्स ओटमेंडी, एवर बानेगा, एंगल डी मारिया, एंजो पेरेज, गोंजालो हिगुएन, लियोनेल मेसी।