पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपटना. राज्य सरकार ने मेट्रो को जमीन पर उतारने की योजना को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पहले चरण में सरकार की योजना नार्थ-साउथ कॉरिडोर पर मेट्रो चलाने की है। मंगलवार को पटना मेट्रो के कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान (सीएमपी) का प्रेजेंटेशन देखने के बाद नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने बताया कि पहले चरण में नार्थ-साउथ कॉरिडोर पर काम शुरू किया जाएगा, जो पटना जंक्शन से वाया गांधी मैदान, पीएमसीएच, राजेंद्रनगर होते हुए बैरिया तक जाएगा।
उन्होंने कहा कि कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान वर्ष 2030 को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। सर्वे में पटना के अलावा खगौल, दानापुर और फुलवारी नगर परिषद को शामिल किया गया था। सरकार की योजना पटना के लोगों को बेहतर और सुविधाजनक प्रदूषणरहित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने की है। 31 मई तक पटना मेट्रो की डीपीआर तैयार हो जाएगी, जिसे मंजूरी के लिए शहरी विकास मंत्रालय को भेजा जाएगा। 31 जुलाई तक केंद्र से इस परियोजना को मंजूरी मिलने की संभावना है।
एनआईटी ने तैयार किया है कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान
शहरी विकास मंत्रालय की नई मेट्रो पॉलिसी के अनुसार एनआईटी पटना ने कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान (सीएमपी) और ऑल्टरनेटिव एनालिसिस प्लान (एएनपी) तैयार किया है। इसमें मेट्रो से यात्रा करने वालों की अनुमानित संख्या, निर्धारित रूट, प्रस्तावित स्टेशन, रखरखाव के लिए डिपो, बिजली का उपलब्धता, परियोजना का पर्यावरण और सामाजिक प्रभाव का आकलन, अनुमानित लागत और वित्तीय प्रभाव का अध्ययन किया गया है।
प्रस्तावित रूट
ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर में वन ए का विस्तार दानापुर से मीठापुर तक होगा, जबकि वन बी का विस्तार दीघा घाट से हाईकोर्ट-विकास भवन तक होगा। इस कॉरिडोर की कुल लंबाई 16.9 किलोमीटर होगी। इसमें से 5.29 किलोमीटर एलिवेटेड होगा, जिसपर चार स्टेशन होंगे। भूमिगत कॉरिडोर की लंबाई 11.33 किलोमीटर होगी, जिसपर पर नौ स्टेशन होंगे।
नार्थ साउथ कॉरिडोर
इस कॉरिडोर को तीन हिस्सों में बांटा गया है। इसमें पहला कॉरिडोर पटना जंक्शन से बैरिया में प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस अड्डा तक होगा। दूसरा कॉरिडोर मीठापुर बाइपास से दीदारगंज और तीसरा कॉरिडोर मीठापुर बाइपास से एम्स तक होगा। इस कॉरिडोर की कुल लंबाई 14.02 किलोमीटर होगी। इसमें से 9.625 किलोमीटर एलिवेटेड होंगे, जिसपर नौ स्टेशन होंगे। भूमिगत कॉरिडोर की लंबाई 4.575 किलोमीटर होगी, जिसपर पर तीन स्टेशन होंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.