शिक्षकों-शिक्षिकाओं के लिए पांच दिवसीय कंप्यूटर प्रशिक्षण
खूंटी। प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने के लिए अब सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर एजुकेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस क्रम में राजकीयकृत बालिका उच्च विद्यालय, खूंटी व एसएस हाई स्कूल, खूंटी में अलग-अलग पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कर जिले के सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों को कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण शिविर में कुल 53 शिक्षकों को कंप्यूटर की बेसिक जानकारी दी गयी। इसके तहत सरकारी विद्यालय के बच्चों को ऑनलाइन पाठ्यक्रम से जोड़ना, ऑनलाइन विषयवार अध्ययन, कम्प्यूटर ग्राफिक्स, डिजाइनिंग,कंप्यूटर द्वारा ऑनलाइन फॉर्म भरना जैसे कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को दी गईं। जिले के 13 विद्यालयों में आईसीटी लैब बनाया गया है। शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण देने का कार्य सोनल कुमारी गुप्ता, शंकर गुप्ता सहित अन्य मास्टर ट्रेनरों द्वारा किया गया। कंप्यूटर प्रशिक्षण के बाद अब सरकारी विद्यालयों में सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों के बच्चों को भी डिजिटल इंडिया के तहत ऑनलाइन पाठ्यक्रम से जोड़ा जाएगा। कंप्यूटर के माध्यम से अब जंगल और पहाड़ी इलाकों में पढ़ने वाले बच्चे भी कंप्यूटर से ऑनलाइन हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान समेत अन्य विषयों की जानकारी ले सकेंगे। सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर द्वारा ऑनलाइन शिक्षा से बच्चों के मानसिक विकास में तेजी आएगी।