पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कोसी को 880 करोड़ की सौगात, 4 योजनाओं का होगा शिलान्यास

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पटना/सुपौल. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को बाढ़ प्रबंधन व सिंचाई की चार बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसमें कोसी नदी के तटबंध को दुरुस्त करने और सिंचाई की राज्य योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, मधुबनी और दरभंगा जिले के साथ इनके निकट के जिलों को सीधा लाभ होगा। इन चारों परियोजनाओं पर 880 करोड़ रुपए खर्च होंगे। 

 


- पूर्वी व पश्चिमी कोसी तटबंध का उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण व उनका पक्कीकरण का कार्य होगा। 578 करोड़ की इस परियोजना से सुपौल, मधुबनी, दरभंगा व सहरसा जिले की 10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र सुरक्षित होगा। इससे लगभग एक करोड़ की आबादी को लाभ होगा। यह कार्य 31 मार्च, 2019 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

- इसी तरह पूर्वी कोसी मुख्य नहर से निकलने वाली रानीपट्‌टी वितरणी नहर के संचालन, निरीक्षण व सिंचाई मुहैया कराने के लिए सर्विस रोड के पक्कीकरण की योजना है। इसपर 74 करोड़ खर्च होंगे। इससे सुपौल व मधेपुरा जिले की डेढ़ लाख आबादी और 471 वर्ग किलोमीटर का इलाका लाभान्वित होगा। इसे 30 सितंबर, 2019 तक पूरा कर लेना है।

पूर्वी कोसी तटबंध पर बनेंगे 14 स्पर
दूसरी अहम योजना पूर्वी कोसी तटबंध के 15.50 व 28.20 किमी के बीच 14 स्परों का निर्माण किया जाना है। इससे सुपौल की 30 हजार हेक्टेयर क्षेत्र के साथ ढाई लाख आबादी सुरक्षित होगी। इसपर 107 करोड़ खर्च होगा। यह कार्य 28 मार्च 2020 तक पूरा होना है। इसी तटबंध के 78 से 84 किमी के बीच 120 करोड़ की लागत से 17 और स्पर बनने हैं। इससे सहरसा की डेढ़ लाख आबादी व 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र सुरक्षित होगा।


सुपौल के भपटियाही में होगा समारोह
इन परियोजनाओं के शिलान्यास के लिए सुपौल के बिहारी गुरमैता उच्च विद्यालय, भपटियाही में समारोह का आयोजन किया गया है। इसमें विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारुण रशीद,  जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव,  आपदा प्रबंधन मंत्री दिनेश चंद्र यादव, खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री मदन सहनी, एससी-एसटी कल्याण मंत्री रमेश ऋषिदेव मौजूद रहेंगे।

 

150 फीट लंबा और 120 फीट चौड़ा होगा मंच
- मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बिहारी गुरुमैता उच्च माध्यमिक विद्यालय भपटियाही परिसर में तैयारी अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री की सभा के लिए विद्यालय का रंग-रोगन, पांडाल निर्माण और साज-सज्जा का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। कार्य में जुटे टेंटहाउस कर्मियों ने बताया कि मुख्यमंत्री का मंच सभी प्रकार की सुविधाओं से लैस होगा। मंच की लंबाई करीब 150 फीट और चौड़ाई 120 फीट होगी। वाटरप्रूफ पंडाल में एक साथ करीब 2500 लोगों के बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था होगी।

- कार्यक्रम के मद्देनजर उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक तमाम अधिकारी कैंप किए हुए हैं। सभास्थल तक लोगों को आने जाने के लिए सड़क को पूरी तरह दुरुस्त किया जा रहा है। सभास्थल पर दो गेट बनाये गये हैं। इसमें मुख्य द्वार से मुख्यमंत्री सहित वरीय अधिकारी प्रवेश करेंगे, जबकि दूसरे द्वार से आम लोगों के जाने का रास्ता होगा। सीएम यहां कई योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन भी करेंगे।

 

सीएम आज बगहा के बिनवलिया जाएंगे
पटना|  सीएम नीतीश कुमार मंगलवार को पश्चिम चंपारण के बगहा जिले में स्थित बिनवलिया जाएंगे। वहां पर वे भारतीय थारू कल्याण महासभा के महाधिवेशन में शामिल होंगे। बाद में मुख्यमंत्री कुलेश्वर स्थित हाथी कैंप से जंगल सफारी पर जाएंगे। मुख्यमंत्री पश्चिम चंपारण के मंगुराहा में रात्रि विश्राम करेंगे। 

 

 

खबरें और भी हैं...