पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअहमदाबाद. विश्व हिन्दू परिषद (वीएचपी) के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया मंगलवार को राम मंदिर बनाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है। इससे पहले आरएसएस की गुजरात इकाई के तीन शीर्ष नेताओं ने अनशन रद्द करने के लिए मुलाकात की, लेकिन तोगड़िया कार्यक्रम पर अडिग हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में महिलाएं असुरक्षित और उनके साथ दुष्कर्म हो रहे हैं। प्रधानमंत्री एक और विदेश यात्रा पर निकल गए। बता दें कि पिछले दिनों वीएचपी के चुनाव के बाद तोगड़िया संगठन छोड़ चुके हैं।
वीएचपी के कार्यकर्ता भी अनशन से जुड़े
- तोगड़िया ने कहा कि गत 14 अप्रैल को हुए विहिप के सांगठनिक चुनाव (जिसमें उनके खेमे की पराजय हुई) के बाद नए नेतृत्व के साथ उनका कोई मतभेद नहीं है। चाहता हूं कि मौजूदा नेतृत्व भी अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की मांग समेत हिन्दुत्व से जुड़े अन्य मुद्दों पर या तो उनके साथ यहां अनशन में जुड़े या अलग से नई दिल्ली में विहिप कार्यालय में अनशन करे।
- तोगड़िया ने बताया कि विहिप के मंत्री और हरियाणा में संघ के पूर्व प्रांत प्रचारक महावीर जी ने भी संगठन से इस्तीफा दे दिया है।
देश को असुरक्षित छोड़ फिर विदेश गए मोदी
- पूर्व विहिप नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, जिनके साथ कथित तौर पर उनका गुजरात के मुख्यमंत्री रहते से ही मतभेद रहा है, पर हमला बोलते हुए कहा कि ऐसे समय में जब देश में महिलाएं असुरक्षित और उनके साथ दुष्कर्म हो रहे हैं तथा किसान और जवान भी सुरक्षित नहीं हैं, वह एक और विदेश यात्रा पर निकल पड़े हैं।
- बता दें कि नरेंद्र मोदी सोमवार शाम अपने 5 दिन के स्वीडन और ब्रिटेन के दौरे पर गए हैं। एक कार्यक्रम में वे बुधवार को लंदन के ऐतिहासिक हॉल से दुनियाभर के लोगों को संबोधित करेंगे।
अयोध्या में राम मंदिर के लिए संसद में बनेगा कानून
- तोगड़िया ने कहा, ''हमने जनता से वादा किया था कि केंद्र में सरकार बनने पर अयोध्या में राम मंदिर के लिए संसद में कानून बनेगा। हमने समान नागरिक संहिता और धारा 370 हटाने जैसे वादे किए थे। मैं इन्हीं मुद्दों को लेकर संघ के पूर्व के निर्देश के अनुरूप अपनी मांग पर अडिग हूं।''
चुनाव में हार के बाद तोगड़िया ने आरोप लगाए थे
- 14 अप्रैल को गुड़गांव में हुए चुनाव में प्रवीण तोगड़िया ने अपने खेमे की करारी हार के बाद आरोप लगाया था कि राम मंदिर और ऐसे अन्य हिन्दुत्व से जुड़े मुद्दे उठाने के कारण उन्हें जानबूझ कर विहिप से बाहर निकाला गया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.