पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबेगूसराय. बुधवार को बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से चार बच्चे की मौत हो गई। तीन बच्चों की डंडारी थाना क्षेत्र के राजोपुर बूढ़ी गंडक नदी घाट में जबकि एक बच्चे की मौत वीरपुर थाना क्षेत्र के सिकरहुला गांव में हो गई। घटना के बाद दोनो गांव में मातम की स्थिति है। दोनो मामले में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने की बात सामने आई है। डंडारी प्रखंड क्षेत्र के दक्षिणी कटरमाला नवटोलिया निवासी रामपुकार महतो के पुत्र अंकित कुमार (11), रामविलास महतो के पुत्र राजा कुमार (10) आपस में चचेरा भाई है। जबकि श्रवण तांती के पुत्र रौशन कुमार (12) इन बच्चों का पड़ोसी है। तीन बच्चों की डूबने की खबर से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी।
बताया जाता है कि दोपहर स्कूल से पढ़ाई करने के बाद लोगों को नदी जाते देख तीनों बच्चे एक साथ स्नान करने के लिए चले गए। बताया जाता है कि बच्चे बालू के एक टीला पार कर नहाने चले गए। उनके साथ एक प्रिंस नाम का बच्चा भी गया था। जिसने नहाने से इंकार कर दिया। तो बच्चों ने प्रिंस को कपड़ो की रखवाली का जिम्मा दे दिया।
नाविक ने देखा, जबतक पहुंचे डूब गए थे बच्चे
बच्चे पहले कम पानी में नहा रहे थे धीरे धीरे गहरे पानी में चले गए। बताया जाता है कि तेज धार की चपेट में आने के बाद बच्चे अपने आप को संभाल नहीं सके जिसके बाद राजा कुमार डूबने लगा जिसे पकड़ने के दौरान अंकित व रौशन भी डूबने लगा। प्रिंस का ध्यान कहीं और भटक गया था लेकिन जब उसने तीनों को डूबते देखा तो हल्ला करने लगा जिसके बाद डूबते बच्चों पर स्थानीय नाविक छोटू सहनी की नजर पड़ी लेकिन जबतक छोटू सहनी वहां पहुंचा तीनो बच्चे डूब चुके थे। महाजाल के माध्यम से तीनों शव को नाविको ने खोज निकाला।
रामकुमार महतो की बेटी की आज थी शादी
अंकित व राजा की चचेरी बहन की गुरुवार को शादी थी। चेरियाबरियारपुर से बारात आने वाली थी जिसकी सारी तैयारी पूरी हो चुकी थी। घर में उत्सव का माहौल था। महिलायें गीत गा रही थी तभी किसी ने दौर कर बताया कि अंकित व राजा नदी में डूब गया है जिसके बाद उत्सव का माहौल गम में बदल गया। महिलायें रोती पीटती नदी की तरफ दौड़ी। जहां बच्चों का शव खोजने के लिए चार से पांच नाव पर सवार ग्रामीण जगह जगह जाल फेंक रहे थे। लगभग एक घंटे की खोज के बाद शव की बरामदगी हुई।
आपदा राहत कोष से परिजनों को मिलेगा चार लाख का मुआवजा
जैसे-जैसे लोगों को तीन बच्चों के डूबने की खबर मिली वैसे-वैसे ग्रामीण नदी किनारे दौर पड़े। इसकी जानकारी मिलते ही डंडारी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घटनास्थल पर पहुंचे डंडारी सीओ अजित कुमार झा ने मृतक के परिजनों को आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये का चेक देने की घोषणा की है।
स्नान के क्रम में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत, गोताखोरों ने ढूंढा शव
वीरपुर थाना क्षेत्र के सिकरहुला में बुधवार को बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से एक 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सिकरहुला निवासी सूरत पासवान का पुत्र दिलवर कुमार साथियों के साथ दोपहर में नदी में स्नान करने गया था। अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूबने लगा। यह देख उसके साथी घबराकर भाग गए और इसकी सूचना घरवालों को दी। सूचना पाकर जब ग्रामीणों द्वारा खोजबीन की गई तो निराशा हाथ लगी। बीडीओ मनीष कुमार, थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार, जिला पार्षद सुल्ताना बेगम, मुखिया मेराज अंसारी आदि वहां पहुंचे। शव खोजने के लिए गोताखोरों को लगाया गया। करीब साढ़े पांच बजे में गोताखोर द्वारा शव को बरामद कर लिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जहां हादसा हुआ वहां से शव लाने का कोई इंतजाम नहीं था सो लोग बाइक पर ही शव रख कर ले गए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.