पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

ग्राहक बनकर आए चार अपराधियों ने मार्बल व्यवसायी को गोली मारी, मौत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

हाजीपुर.   औद्योगिक थाना क्षेत्र के पासवान चौक पर मंगलवार की शाम चार की संख्या में आर्म्स से लैस बाइक सवार अपराधियों ने मार्बल व्यवसायी को गोलियों से भून दिया। ग्राहक बनकर दुकान में आए हमलावरों ने दुकान मालिक सुशील सिंह की हत्या करने के लिए 12 राउंड से ज्यादा फायरिंग की। 


अपराधियों की गोलियों से छलनी व्यवसायी को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। चेकअप के बाद इमरजेंसी के डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 40 वर्षीय मृतक सुशील कुमार नगर थाना क्षेत्र के रामभद्र निवासी ललन सिंह के पुत्र थे। मंगलवार की शाम करीब पौने छह बजे वे पासवान चौक स्थित अपने मार्बल की दुकान में अंदर काउंटर पर बैठे हुए थे। पत्नी व बच्चे के साथ वे दिल्ली में रहते हैं। दुकान के आय-व्यय का हिसाब अथवा नया माल आने के दौरान ही यदाकदा दुकान पर आया करते थे। दुकान स्टाफ चलाता है। मामले की जांच और अपराधियों को पकड़ने के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।

 

सुशील सिंह अपने कमर में लटके होलस्टर से पिस्तौल निकालते तब तक दाग दीं गोलियां
शाम पौने छह बजे के करीब एक उजले रंग की अपाची व एक पल्सर बाइक पर चार युवक दुकान पर पहुंचे। दो रोड पर रह गए। दो दुकान में आए। एक ने कहा कि, उसे मार्बल से बना एक मंदिर खरीदना है। स्टाफ उसे मंदिर दिखाने लगा। इसी दौरान उसने सुशील से रेट कम करने को कहा। सुशील गुटखा चबा रहे थे। पानी का बोतल लेकर पिक फेंकने वे बाहर निकले। इसी दौरान दोनों कमर से ऑटोमेटिक पिस्टल निकालकर उन पर फायर करना शुरू कर दिया। जब तक सुशील अपने कमर में लटके होलस्टर से पिस्तौल निकालते तब तक पीठ व पेट में कई गोलियां लग चुकी थी। वे वहीं गिर गए। आश्वस्त हो लेने के बाद कि वह मर चुका है चारों वहां से पटना की ओर भाग निकले। घटना के चश्मदीद लक्की मार्वल पर काम करने वाले राजू कुमार ने बताया कि दोनों अपराधियों ने 12 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाई। दुकान के स्टाफ काउंटर के नीचे छुप गए। गोलियों की तड़तड़ाहट से चौक पर भगदड़ मच गया। हमलावरों के भाग निकलने के बाद साहस कर गोलियों से छलनी सुशील को उन्हीं के स्कॉर्पियो से सदर अस्पताल लाया गया।

 

सुशील पर पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला 
मृतक सुशील कुमार पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका है। वे बाल-बाल बचे थे। बताया जाता है कि मृतक अपराधी नहीं पर दबंग छवि वाला था। एक चर्चित मर्डर केस में वे जेल भी जा चुके थे। जान पर खतरे को देखते हुए उन्होंने जान-माल की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन को लिखा भी था।  

 

पुलिस का दावा- हमलावरों की हुई पहचान, खुलासा जल्द 
लक्की मार्वल सीसीटीवी से पूरी तरह लैस है। वारदात के बाद औद्योगिक थानाध्यक्ष, पुलिस अफसर और जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और भी दुकानों में लगे सीसीटीवी में कैद वीडियो को देखा गया है। पुलिस का दावा है कि हमलावरों की पहचान हो चुकी है। जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

 

एसपी बोले- दुश्मनी में हुई हत्या 
दुश्मनी के कारण मार्बल व्यवसायी की हत्या की गई है। सीसीटीवी फुटेज व मिल रही ताजा जानकारियों के आधार पर हमलावरों की लगभग पहचान की जा चुकी है। पुलिस अनुसंधान में जुटी है।  -मानवजीत सिंह ढिल्लो, एसपी वैशाली

खबरें और भी हैं...