पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

150 की स्पीड से स्कॉर्पियो ने कार-पिकअप को मारी टक्कर, दंपती सहित 4 की मौत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

  •  मामूली एक्सीडेंट के बाद स्कॉर्पियो चालक ने 150 की स्पीड में कार दौड़ाई।
  •  बस स्टैंड के पास रॉन्ग साइड जाकर पहले अल्टो को टककर मारी।
  •  इसके बाद स्कॉर्पियो सामने से आ रही पिकअप से भी भिड़ गई।

जोधपुर/डांगियावास.  जोधपुर-बाड़मेर रोड पर धवा इलाके में एक मामूली एक्सिडेंट के बाद स्कॉर्पियो के चालक ने पीछा होने की आशंका में गाड़ी 150 की स्पीड में दौड़ाई। भांडू गांव के बस स्टैंड पर रॉन्ग साइड जाकर सामने से आती एक कार और फिर पिकअप को टक्कर मार दी। स्कॉर्पियो चालक की इस लापरवाही ने खुद के साथ ही तीन अन्य की भी जान ले ली। एक क्षतिग्रस्त गाड़ी में थोड़ी आग भी लग गई। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे हुए हादसे के बाद मदद के लिए दौड़ लोगों ने गाड़ियों में फंसे लोगों को पुलिस के साथ मिलकर बमुश्किल बाहर निकाला। पांच घायलों को एमडीएम हॉस्पिटल पहुंचाया गया।

 

 

- पुलिस ने बताया कि बाड़मेर के सरदारपुरा में वन विभाग की चौकी के निकट रहने वाले रामलाल जांगिड़ (50) पत्नी पार्वती (45) के साथ बाड़मेर से जोधपुर की तरफ आ रहे थे।

- अपुष्ट जानकारी के अनुसार धवा इलाके में इनकी स्कॉर्पियों से किसी अन्य गाड़ी को मामूली खरोंच लग गई थी। उसके बाद पीछा होने की आशंका के चलते जांगिड़ ने स्कॉर्पियो तेजी से दौड़ाई। बस स्टैंड के निकट तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने अल्टो कार को टक्कर मारी और इसके ऊपर निकलते हुए दूसरी पिकअप से जा टकराई। भीषण टक्कर में स्कॉर्पियो चला रहे रामलाल व पत्नी पार्वती, पिकअप चालक जैसलमेर के नरेली निवासी दौलतसिंह (35) और कार में सवार लूणी के बाणियावास निवासी सुरेशदास वैष्णव (28) की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

 

गनीमत : बस स्टैंड की भीड़ हादसे से बची  

 

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो और पिकअप आपस में ही फंस गई। इन्हें सीधी करने के लिए लोगों ने क्रेन के साथ काफी देर तक मशक्कत की, तब कहीं जाकर दोनों गाड़ियां अलग हो पाईं। हादसे के बाद पिकअप में भरे हरे नारियल पूरी सड़क पर बिखर गए। इसके चलते काफी देर तक ट्रैफिक भी बाधित हुआ। तीनों गाड़ियों को मौके से हटवाने के साथ ही पुलिस ने क्षेत्रवासियों की मदद से सड़क पर बिखरे नारियल हटाए। गनीमत रही कि बस स्टैंड पर आमतौर पर लोगों की भीड़ रहती है, लेकिन इस हादसे में कोई चपेट में नहीं आया।

खबरें और भी हैं...