पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. पाकिस्तान से करीब ढाई साल पहले भारत लाई गई 24 साल की दिव्यांग गीता की शादी की तैयारी हो रही है। पहली बार भारत सरकार किसी शादी में घराती होगी। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज दूल्हा पसंद करेंगी। विदेश मंत्रालय ही उसे घर, नौकरी और गृहस्थी का सामान देगा। परिचय सम्मेलन से लेकर सोशल साइट तक दूल्हा तलाशा जा रहा है। अब तक 12 युवा गीता से शादी की इच्छा जता चुके हैं। इनमें लेखक से लेकर पंडित तक शामिल हैं।
गीता मशहूर है, इसलिए करना चाहते हैं शादी
- गीता इंदौर के गुमाश्ता नगर स्थित मूक-बधिर संगठन की देखरेख में है। संगठन की मोनिका पंजाबी ने बताया कि कई युवाओं ने कॉल करके गीता से शादी की इच्छा जताई है। हमने बायोडेटा मंगवाए थे। उन्हें विदेश मंत्रालय भेज दिया है। युवाओं ने गीता से शादी की अगल-अलग वजह बताई हैं। ज्यादातर उसके मशहूर होने की वजह से शादी करना चाहते हैं।
इच्छुक युवाओं से दो सवाल
1. गीता से ही शादी क्यों करना चाहते हैं?
2. क्या घर वाले इस शादी के लिए तैयार हैं?
युवकों के जवाब
- सांवेर के रहने वाले पेशे से पंडित महेश दास बैरागी ने जवाब दिया कि पाक में रहकर भी गीता ने हिंदू धर्म नहीं छोड़ा। साइन लैंग्वेज अच्छी है। सिंपल लड़की ही चाहिए थी। घर वालों को इस शादी से कोई परेशानी नहीं है।
- अहमदाबाद के रेस्तरां में काम करने वाले रितेश ने जवाब दिया कि इंटरनेट पर गीता के वीडियो देखे थे। वह प्रसिद्ध है। सीधी-सादी है। मैं गीता से शादी को तैयार हूं। माता-पिता से आप बात कर लीजिए।
- इंदौर में मिठाई के दुकान पर काम करने वाले सुरेश सिसौदिया ने जवाब दिया कि गीता प्रसिद्ध है। हवाई जहाज से यहां आई थी। सुषमाजी खुद उसकी शादी करवाएंगी। घर वालों को कोई परेशानी नहीं है।
विदेश मंत्रालय सारी चीजें को-ऑर्डिनेट करेगा
- कलेक्टर निशांत वरवड़े ने बताया कि शादी के मामले में अंतिम निर्णय गीता का ही होगा, लेकिन इसकी सारी चीजें विदेश मंत्रालय से ही को-ऑर्डिनेट होंगी। हम वहां से मिले निर्देश के मुताबिक काम करेंगे।
15 परिवारों ने किया बेटी होने का दावा
- अब तक बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और मध्य प्रदेश से करीब 15 परिवार दावा कर चुके हैं कि गीता उनकी बेटी है।
- इन परिवारों को गीता से मिलवाया गया था। सभी की डीएनए जांच कराई गई थी, लेकिन गीता के डीएनए से ये मैच नहीं हुए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.