अफगानिस्तान में गनी लेंगे शपथ, विरोधी ने दी चुनौती
काबुल | अफगानिस्तान में चुनी हुई सरकार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। नव निर्वाचित राष्ट्रपति अशरफ गनी के सोमवार सुबह होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के समय पर ही उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने भी शपथ लेने की घोषणा कर दी है। अब्दुल्ला एक अन्य स्थान पर शपथ लेंगे। इसके चलते अफगानिस्तान में दो समानांतर सरकारों के गठन की आशंका पैदा हो गई है। इस सबका तालिबान के साथ होने वाली शांति वार्ता पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। अब्दुल्ला अब्दुल्ला के प्रवक्ता फ्राइदून ख्वाजून ने बताया है कि शपथ ग्रहण समारोह के लिए सभी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को निमंत्रण पत्र भेजे गए हैं। सब कुछ काबुल में तय कार्यक्रम के अनुसार होगा।