सोना 1,097 रुपए टूटा, चांदी 1,574 रु. नीचे आई
रुपए में बढ़त के बीच निवेशकों ने अन्य संपत्तियों की ओर रुख किया
दिल्ली में शुक्रवार को सोना 1,097 रुपए टूटकर 42,600 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार रुपए में बढ़त के बीच निवेशकों ने अन्य संपत्तियों की ओर रुख किया है जिससे सोने में गिरावट आई।
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार भी दस प्रतिशत से अधिक टूटने के बाद अंत में अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। इससे पिछले सत्र में सोना 43,697 रुपए प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ था। सोने की तर्ज पर चांदी भी 1,574 रुपए के नुकसान के साथ 44,130 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। गुरुवार को चांदी 45,704 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के मुताबिक दिल्ली में 24 कैरट सोने का हाजिर भाव 1,000 रुपए से अधिक के नुकसान पर चल रहा था। रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप के बाद रुपया 23 पैसे की बढ़त में था। वैश्विक स्तर पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना बढ़त के साथ 1,584 डॉलर प्रति औंस पर था। वहीं चांदी गिरावट के साथ 15.65 डॉलर प्रति औंस पर रही।