बिना कर्मचारियों की मौजूदगी में ही करवा दिया बारहवीं का पेपर
इसी सेंटर में दसवीं की वार्षिेक परीक्षा में भी पकड़े थे 71 स्टूडेंट् नकल करते हुए
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने बगियांदा में एक निजी स्कूल को परीक्षा केंद्र तो दे दिया लेकिन इस केंद्र में जमा दो के पहले पेपर में कर्मचारियों की डयूटी लगाना ही भूल गया। आनन फानन में जब बोर्ड को इस बात की भनक लगी तो परीक्षा दूसरे दिन यहां पांच कर्मचारियों को डयूटी पर लगाया गया।
परीक्षा केंद्र में जमा दो के पहले पेपर में बोर्ड के कर्मचारियों की डयूटी न लगाने को लेकर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लग गया है। गौरतलब है कि यहां एक निजी स्कूल को एचपी बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्र बनाया गया है यहां एसओएस के तहत परीक्षा दे रहे 71 विद्यार्थी 9 मार्च को नकल करते हुए पकडे़ गए थे। जिसकी एचपी स्कूल शिक्षा बोर्ड ने रिपोर्ट भी तलब की है। लेकिन इस दौरान यह खुलासा हुआ है कि जब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा ली जाने वाली जमा-दो और दसवीं की परीक्षाएं शुरू हुई तो पहले दिन जमा दो का पेपर लेने के लिए इस केंद्र में बोर्ड के किसी भी कर्मचारी की डयूटी ही नहीं लगाई गई और जमा दो का पहला पेपर निजी स्कूल प्रबंधन द्वारा ही लिया गया।
ऐसे में इस स्कूल प्रबंधन और हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा के बीच मिलीभगत के संकेत मिल रहे हैं। भले ही परीक्षा शुरू होने के दूसरे दिन यहां स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से पांच कर्मचारी परीक्षा लेने के लिए तैनात किए गए थे तो उनकी मौजूदगी में 9 मार्च मार्च को जो 71 विद्यार्थी नकल करते हुए पकडे़ गए उससे भी इस स्कूल प्रबंधन और स्कूल शिक्षा बोर्ड के बीच सांठगांठ का अंदेशा जताया जा रहा है।
बहरहाल इस मामले की हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने रिपोर्ट तलब की है। अब देखना यह है कि मामले में बोर्ड की ओर से क्या कार्रवाई अमल में लाई जाती है।
बोर्ड की परीक्षाओं में इस केंद्र में पहला पेपर बिना बोर्ड की डयूटी के कर्मचारियों से इसी स्कूल प्रबंधन ने करवाया है। जैसे ही विभाग को इस बात की भनक लगी तो अगले दिन ही इस सैंटर में पांच कर्मचारियों को परीक्षा लेने के लिए तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि इस सारे प्रकरण की एक विस्तृत रिपोर्ट बोर्ड को भेज दी है जिस पर आगामी कार्रवाई स्कूल शिक्षा बोर्ड करेगा।
बलवंत सिंह ठाकुर, उपनिदेशक, शिक्षा उच्च।