पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअहमदाबाद. गुजरात में एक दलित मजदूर को रस्सी के बांधकर बेहरमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना रविवार को राजकोट शहर के पास एक फैक्ट्री में हुई। आरोप है कि फैक्ट्री मालिक और उसके कुछ साथियों ने चोरी के शक में मजदूर और उसके परिवार को पीटा। इसका वीडियो गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। राजकोट पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, गुजरात सरकार ने पीड़ित के परिवार को 8.25 लाख मुआवजा देने का एलान किया है। बता दें कि जुलाई, 2016 में भी कथित गोरक्षकों ने 4 दलितों को कपड़े उतारकर पीटा था। इसका वीडियो सामने आने पर देश की राजनीति में दलित अत्याचार का मुद्दा गरमाया था।
गलतियों से सबक नहीं ले रही सरकार- मेवाणी
- विधायक मेवाणी ने रविवार रात को वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ''यह ऊना से भी डरावनी घटना है। वहां दलितों की बेहरमी से पिटाई की गई और उन्हें गालियां दी गई थीं। अब इस हिंसक घटना में एक शख्स की जान चली गई। पीड़ित मुकेश वानिया अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखता था। उसे फैक्ट्री मालिक ने बुरी तरह पीटा, जिसमें मुकेश की मौत हो गई। उसकी पत्नी को भी पीटा गया। गुजरात सरकार ने पिछली गलतियों से सबक नहीं लिया।''
काम के लिए राजकोट आया था मुकेश
- डीएसपी डीएम चौहान के मुताबिक, कुछ दिन पहले मुकेश (40), पत्नी जया और एक अन्य महिला सविता के साथ फैक्ट्री में काम के लिए सुरेंद्रनगर से आया था। चोरी के शक में तीनों के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की।
- इस मामले में 5 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है, 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनके नाम चिराग वोरा, दिव्येश वोरा, जयसुख रडादिया और तेजस जाला हैं। पांचवां आरोपी नाबालिग है।
गंभीर रूप से जख्मी मुकेश ने रास्ते में दम तोड़ा
- बताया जा रहा है कि मुकेश और उसकी पत्नी औद्योगिक क्षेत्र में कचरा जमा करने के लिए गए थे। तभी फैक्ट्री के लोगों ने उन्हें चोरी के शक में पकड़ लिया। इस दौरान मुकेश के साथ गई एक महिला भागने में कामयाब हो गई। वह लोगों को लेकर लौटी और मुकेश को छुड़ाकर अस्पताल ले गई, पर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
- पुलिस को एक आरोपी के मोबाइल में 28 सेकंड का वायरल हो रहा वीडियो मिला है। जिसमें देखा जा सकता है कि मुकेश को फैक्ट्री के गेट से बांधकर रॉड से पीटा गया। जांच के लिए फैक्ट्री के सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ली गई हैं।
सरकार ने कहा- पीड़ित परिवार को 8 लाख का मुआवजा देंगे
- राज्य के गृह मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। सरकार आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की कोशिश करेगी, हम पीड़ित परिवार के साथ हैं। उन्हें 8.25 लाख का मुआवजा भी देंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.