पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

शांति से मनी आंबेडकर जयंती, प्रशासन अब बंद नहीं करेगा इंटरनेट, अफवाह फैलाने पर FIR

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ग्वालियर.    शनिवार को आंबेडकर जयंती शांतिपूर्ण ढंग से गुजरने के बाद अब जिला प्रशासन ने इंटरनेट पर रोक हटाने का फैसला किया है। लेकिन सोशल मीडिया का दुरुपयोग रोकने के लिए प्रशासन ने सायबर सेल को सक्रिय कर दिया है। फेसबुक और वाटृसएप के जरिय आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने वालों पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। कलेक्टर राहुल जैन ने दैनिक भास्कर से चर्चा में कहा है कि जिला प्रशासन अब इंटरनेट बंद करने के स्थान पर भड़काऊ मैसेज भेजने वालों को सर्विलांस पर लेगा।

 

गलत मैसेज भेजने वालों पर कानूनी कार्रवाई संभव

 

वाट्सएप ग्रुप व फेसबुक पर जुड़ी प्रशासन की निगरानी टीमें भड़काऊ मैसेज व अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी जारी करेंगी। कलेक्टर ने पब्लिक से भी अपील की है कि वे भी गलत मैसेज भेजने वालों को रिटर्न मैसेज कर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दें। इसके बाद भी अगर ऐसे लोग नहीं सुधरेंगे तो पहले फेसबुक बंद किया जाएगा। इसके बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी और आईटी एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी। शहर में धारा 144 अभी लागू रहेगी।  

 

अब इंटरनेट बैन की स्थिति नहीं आएगी

 

कलेक्टर ने बताया कि 10 अप्रैल के भारत बंद व 14 अप्रैल की आंबेडकर जयंती को लेकर पब्लिक ने शहर में शांति व्यवस्था कायम करने में पुलिस-प्रशासन का भरपूर साथ दिया है। उम्मीद है कि अब इंटरनेट बंद करने की नौबत नहीं आएगी। इंटरनेट बंद करने का निर्णय तभी लेंगे, जब शहर में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बिगड़ती दिखेगी। आंबेडकर जयंती को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों के मद्देनजर शहर में इंटरनेट सेवा शुक्रवार शाम 8 बजे से लेकर शनिवार शाम 6 बजे तक बंद करा दी थी। इससे पहले 2 अप्रैल को हुई हिंसा के दौरान और फिर 10 अप्रैल के भारत बंद को लेकर ग्वालियर में इंटरनेट सेवाओं को बंद किया था। 

 

फेसबुक से है ज्यादा दिक्कत अफवाह फैलेगी तो लगाएंगे रोक

 

18 अप्रैल को अब परशुराम जयंती है। इस दिन को लेकर भी पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा-व्यवस्थाओं को लेकर तैयारी वैसी ही रहेगी, जैसी 10 अप्रैल के भारत बंद व 14 अप्रैल की आंबेडकर जयंती को लेकर रही है। अंतर सिर्फ इतना रहेगा कि परशुराम जयंती को लेकर प्रशासन अब इंटरनेट सेवा बंद नहीं करना चाहता।  एसपी साइबर क्राइम सुधीर अग्रवाल ने भास्कर को बताया, अफवाह या भड़काऊ मैसेज सबसे अधिक फेसबुक के जरिए ही फैलाए जाते हैं। हमारी टीमें फेसबुक पर मौजूद शहर के लोगों व विभिन्न धार्मिक, सामाजिक व राजनीतिक संगठनों से जुड़े व्यक्तियों की पोस्ट पर निगाह रख रही हैं। 

 

अलर्ट रहेगा प्रशासन
ग्वालियर कलेक्टर राहुल जैन ने बताया कि 10 अप्रैल का भारत बंद, 14 अप्रैल की आंबेडकर जयंती को लेकर शहर में शांति व कानून का माहौल तैयार करने में पब्लिक ने हमारा पूरा सहयोग किया। हमारी मोहल्ला कमेटियां व शांति समिति के सदस्यों ने पब्लिक के बीच अफवाहें फैलने से रोकी और उन्हें एक दूसरे के प्रति प्रेम व सद्भाव का नजरिया रखने की सीख दी। 18 अप्रैल को परशुराम जयंती है और मुझे नहीं लगता कि अब हमें इंटरनेट सेवाएं बंद करने की जरूरत पड़ेगी। हालांकि सुरक्षा-व्यवस्था के मद्देनजर पूरा पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहेगा।

खबरें और भी हैं...