पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

शादी के 14 माह बाद फांसी लगा ली, नोट में लिखा-पति को सिर्फ पैसे से प्यार, भाई इन्हें छोड़ना मत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

सीकर/खाटूश्यामजी. शादी के 14 माह बाद एक विवाहिता ने 18 मई (शुक्रवार) को कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतका ने फांसी लगाने से पहले मां को सुसाइड नोट वाट्सऐप किया था। परिजनों ने पति सहित चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों की मांग पर जिले के एस. के. अस्पताल के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। हालांकि परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया। बाद में सीओ मनस्वी चौधरी के आश्वासन के बाद परिजनों ने शव लिया और फिर उसे ससुराल पक्ष को सौंप दिया। ये था मामला...

मृतका ज्योति शर्मा (26 साल) की शादी खाटूश्याम के रहने वाले गुलशन कुमार से हुई थी। मृतका के भाई मनोज ने बताया, 18 मई को दोपहर तीन बजे बहन का मां को फोन आया कि ये लोग मारपीट कर रहे हैं। हत्या करने का भी अंदेशा जताया। मृतका ने मां-भाई को फोन पर परेशान करने की बात कही, लेकिन वह उसे सब कुछ सही हो जाने की बात कह कर समझाइश देते थे।

 

सुसाइड नोट में लिखा ये

- 'आज इन्होंने हाथ उठाकर साबित कर दिया है कि मेरे लिए इस घर में कई जगह नहीं है। मेरी गलती ही क्या थी। बस यही कि मेरा पति मेरे साथ रहे, सब का ध्यान रखे, मेरा भी रखे। लेकिन इनके लिए बस पैसा जरूरी है। मुझे तो ये पसंद भी नहीं करते।'

- 'घरवालों की वजह से शादी की थी। इन्हें बच्चा भी चाहिए, लेकिन पैसा खर्च नहीं करना पड़े। उसमें भी अगर जरूरत का सामान ले आऊं, तो यही बोलेंगे कि तेरे घरवालों के पैसों से भी ला सकती थी। मुझे यकीन नहीं था कि मेरी जिंदगी इस तरह से खराब हो जाएगी।'

- 'मेरे मां-बाप बहुत भोले हैं। इन लोगों से लड़ नहीं सकते। सच्चाई का कोई साथ नहीं देता है। रिश्तों की अहमियत कभी सीखी ही नहीं। इनके भी दो बेटियां हैं, काश मुझे भी समझते पहले ये किसी और से भी प्यार करते थे। शायद इसीलिए मुझे वो प्यार नहीं दे पाए।'

 

पति गुलशन भजन गायक है

शुक्रवार को ज्योति का मैसेज परिजनों को मिला तो वे परेशान हो गए। कई बार फोन किया तो उसने रिसीव नहीं किया। गुलशन को फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। बाद में उसने फोन उठाया, लेकिन झगड़े के बारे में पूछा तो कुछ नहीं बताया। फोन पर मैसेज मिलने की बात बताई तो वह कमरे की ओर चला गया। कमरा अंदर से बंद था और दरवाजा तोड़ने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद उसने फोन बंद कर दिया। उन्होंने खाटूश्याम में अन्य रिश्तेदारों को फोन कर घटना के बारे में बताई।

 

भाई बहन के घर पहुंचा तो ससुराल पक्ष उसे अस्पताल लेकर गए। बाद में उसे वापस घर ले आए। उन्होंने पुलिस को भी घटना के बारे में सूचना नहीं दी। पुलिस ने मृतका के भाई मनोज की रिपोर्ट पर पति गुलशन कुमार सहित ससुर, सास, ननद के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।

 

20 लाख दे चुके थे ससुराल वालों को, घर बेचकर शादी की थी परिजनों ने

मृतका के भाई मनोज ने बताया कि 28 फरवरी 2017 को बहन की शादी गुलशन से की थी। गुलशन भजन गायक है। शादी के बाद से आए दिन उसके साथ मारपीट कर बिजनेस के लिए रुपए मांग कर परेशान करता था। उसके पिता लकवाग्रस्त है और मां को कैंसर है। जयपुर में अपना पुश्तैनी मकान बेच कर शादी की थी। इसके बाद भी तीन माह पहले उसके ससुर बाबूलाल की तबीयत खराब होने पर तीन लाख रुपए डिमांड करने पर दिए थे। उसे अब तक 20 लाख रुपए दे चुके हैं।