पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअहमदाबाद। गुजरात भाजपा के दो दिग्गज नेता नरेंद्र मोदी और अमित शाह की गैरहाजिरी के साथ ही प्रवीण तोगड़िया को वीएचपी से निकाले जाने के बाद गुजरात की राजनीति ने एक नई करवट ली है। आगामी दिनों में हिंदू नेता डॉ. तोगड़िया और पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल एक होकर लोकसभा चुनाव की व्यूह रचना तैयार कर रहे हैं। पिछले दरवाजे से कांग्रेस का साथ…
ये दोनों नेता पिछले दरवाजे से कांग्रेस को साथ में लेकर भाजपा के खिलाफ रणनीति बना रहे हैं। हार्दिक पटेल और प्रवीण तोगड़िया के संबंध शुरू से ही अच्छे रहे हैं। हार्दिक के आंदोलन के समय परदे के पीछे से डॉ. तोगड़़िया ने पाटीदार आरक्षण आंदोलन को अपना समर्थन दिया था। इतना ही नहीं, हार्दिक जब मुसीबत में थे, तब तोगड़िया ही उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर उसे सांत्वना दे रहे थे।
लोकसभा चुनाव में भाजपा को देंगे चुनौती
प्रवीण तोगड़िया के बेटे ध्रुव तोगड़िया भी हार्दिक के आंदोलन में पिछले दरवाजे से समर्थक के रूप में काम करते थे, ऐसी भी चर्चा है। गुजरात में 2019 के लोकसभा चुनाव में हार्दिक तोगड़िया के साथ मिलकर हिंदुत्व के साथ पाटीदारों की एक नई टीम की रचना कर भाजपा को चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं। इसमें उनका सहयोग कांग्रेस भी कर रही है। तोगड़िया आमरण उपवास का सहारा लेकर संगठन की रचना की दिशा में आगे बढ़ने की जुगत में हैं। उनके इस कार्य में हार्दिक भी उनके साथ रहेंगे, ऐसी संभावनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
दाेनों ने अमरेली में किया था भाजपा का सफाया
डॉ. तोगड़िया मूल रूप से अमरेली जिले के लिलिया के पाटीदार हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में अमरेली जिले से भाजपा का सफाया कर दिया था। इस जिले की सभी सीटोें पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा की इस हार के पीछे तोगड़िया का ही दिमाग काम कर रहा था। ऐसी चर्चा है। चुनाव के दौरान हार्दिक पटेल ने भी जिले में भाजपा को हराने के लिए कई मीटिंग में भाग लेकर आमसभाओं को भी संबोधित किया था।
दोनों कई बार कर चुके हैं मुलाकात
हार्दिक पटेल इसके पहले कई बार डॉ. तोगड़िया से भेंट कर चुके हैं। जनवरी 2018 में जब डॉ. तोगड़िया ने अपने एनकाउंटर की आशंका व्यक्त की थी, तब हार्दिक पटेल ने उनसे भेंट की थी। तब हार्दिक ने मीडिया से कहा था कि तोगड़िया के खिलाफ षड्यंत्र रचा गया है। इसके पीछे पीएम मोदी और अमित शाह हैं। उल्लेखनीय है कि इसके पहले हार्दिक पटेल ने तोगड़िया के गायब होने के बाद कई ट्वीट कर उनका समर्थन किया था। दूसरी तरफ तोगड़िया ने हार्दिक की बहन की शादी में शिरकत की थी। उस समय भी दोनों के संबंधों को लेकर अनेक तर्क-वितर्क किए गए थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.