पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपानीपत/चंडीगढ़. कॉमनवेल्थ गेम्स में सिर्फ हरियाणा की ओर से खेले खिलाड़ियों को ही राज्य सरकार सम्मानित करेगी। यह घोषणा शनिवार को खेल मंत्री अनिल विज ने की। उन्होंने कहा कि मंत्रालयों की ओर से खेलने वाले 11 खिलाड़ियों को राज्य सरकार सम्मानित नहीं करेगी। अब केवल हरियाणा की ओर से खेलकर पदक जीतने वाले 11 खिलाड़ियों समेत 87 खिलाड़ियों को सम्मान राशि दी जाएगी। इससे पहले सीएम भी शुक्रवार को सोनीपत में कह चुके हैं कि कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरानी नीति के तहत सम्मानित किया जाएगा। लेकिन उन्होंने यह साफ नहीं किया था कि किन खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
पहले सभी को सम्मानित करने का फैसला किया, विरोध के बाद समारोह रद्द करना पड़ा
कॉमनवेल्थ में हरियाणा के कुल 38 खिलाड़ियों ने भाग लिया। 22 ने मेडल जीते हैं। इनमें 11 खिलाड़ी रेलवे या अन्य मंत्रालयों की ओर से खेले। पहले सरकार ने सभी मेडल विजेताओं के साथ प्रतिभागियों को भी सम्मानित करने का फैसला लिया था। सिर्फ यह शर्त थी कि सरकार मंत्रालयों से मिली राशि काटकर पुरस्कार देगी। इसका कई खिलाड़ियों ने विरोध किया। इसके बाद सरकार को सम्मान समारोह रद्द करना पड़ा। अब सिर्फ हरियाणा की ओर से खेले खिलाड़ियों को ही सम्मानित करने का फैसला लिया है। वहीं प्रदेश के 60 अन्य खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुके हैं। यानी 98 के बजाय अब 87 खिलाड़ी सम्मानित किए जाएंगे।
समारोह की तारीख तय नहीं
अभी सम्मान समारोह की तारीख तय नहीं हुई है। यह कैबिनट की बैठक में तय होगी। खेल मंत्री इस मामले को लेकर सीएम से मुलाकात करेंगे। इसके बाद तारीख तय होगी। मंत्री ने सिर्फ इतना कहा है कि कार्यक्रम जल्द ही होगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.