पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में भेल गेट नंबर छह के पास जंगल में फंदे पर लटका मानव मुंड मिलने से बुधवार दोपहर सनसनी फैल गई। उसका धड़ गायब है, लेकिन पास ही कुछ कपड़े मिले हैं, जिन्हें देखकर अंदाजा है कि वे मृतक के ही होंगे। मुंड के माथे पर चोट का निशान भी मिला है। इस आधार पर गोविंदपुरा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह कुशवाह के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब तीन बजे भेल के एक सुरक्षा गार्ड ने जंगल में मानव मुंड नजर आने की सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो मुंड रस्सी के सहारे पेड़ से उल्टा लटका मिला। वह जमीन से करीब साढ़े पांच फीट ऊंचाई पर था। आस-पास तलाशने पर भी धड़ नजर नहीं आया।
अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
पुलिस का शुरुआती अंदाजा है कि मौत के बाद बढ़े शरीर के वजन के कारण धड़ सिर से टूटकर जमीन पर आ गिरा होगा, जिसे जानवर खींच ले गए होंगे। घटनास्थल से कुछ कदम दूर जींस पेंट मिली है, जिसकी बेल्ट बंधी है। गले पर लगी रस्सी की गांठ और दांतों के बीच फंसी जीभ को देखकर इसे खुदकुशी भी माना जा सकता है। लेकिन माथे पर नजर आ रही चोट और गायब हुए धड़ की वजह से पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.