- Hindi News
- National
- Hamirpur News Health Department Is In A Tizzy The Government Is Yet To Decide The Minister Abhishek
स्वास्थ्य विभाग का हाल बेहाल, सरकार अभी तक मंत्री तय नहीं कर पा रही : अभिषेक
हमीरपुर|प्रदेश सरकार डबल इंजन के बहकावे में हाथ पर हाथ धरे बैठी है। प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग का हाल बेहाल हो चुका है। इस विभाग का स्वास्थ्य मंत्री ही सरकार तय नहीं कर पा रही है, जबकि कोरोना वायरस समेत स्वास्थ्य सुविधाएं चरमराई हुई हैं। यहां जारी बयान में प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के चेयरमैन अभिषेक राणा ने कहा है कि प्रदेश के अस्पताल रैफरल यूनिट बन चुके हैं। ऐसा कोई भी अस्पताल नहीं है, जहां हरेक बीमारी का उपचार हो सके। केंद्र सरकार तो कोरोना वायरस से निपटने में नाकाम रही है। इस सरकार के शासनकाल में देश में साम्प्रदायिक माहौल तहस-नहस हुआ है। जम्मू-कश्मीर में कई नेताओं को नजरबंद किया है और सरकार के बीच बैठे नेता ही भड़काऊ भाषण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश को लड़ाई-झगड़ों में उलझाने वाली केंद्र सरकार ज्वलंत समस्याओं को सुलझाने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रही है। देश की अर्थव्यवस्था तहस-नहस हो चुकी है, तो कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया को भयभीत किया है, लेकिन केंद्र सरकार ने कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं।