- Hindi News
- National
- Panchkula News Helpline Number Will Be Provided To Unemployed Youth Kulbhushan
बेरोजगार युवाओं को हेल्पलाइन नंबर से दिलाएंगे नौकरी : कुलभूषण
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यसमिति की मीटिंग इस बार 14 और 15 मार्च को पंचकूला में होगी। इसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता विशेष अतिथि एवं अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग इसकी अध्यक्षता करेंगे।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष कुलभूषण गोयल ने वीरवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 14 मार्च को पहला सत्र होगा जिसमें मुख्य अतिथियों का स्वागत एवं मार्गदर्शन होगा। दूसरा सत्र में अग्रवाल सम्मेलन एवं श्री अग्रसेन फाउंडेशन की गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठनात्मक दृष्टि से प्रदेश इकाइयों एवं युवा, महिला संगठन की रिपोर्ट, फाउंडेशन की आय-व्यय का ब्यौरा पारित करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शाम को 4 बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री के समक्ष अग्रवाल समुदाय की विभिन्न मांगों को उठाया जाएगा। कुलभूषण गायल ने बताया कि 14 मार्च की रात को चोखी ढाणी रिसोर्ट, अमरावती एनक्लेव में रंगारंग कार्यक्रम व रात्रि भोज होगा। अगले दिन 15 मार्च को राष्ट्रीय कार्यसमिति के आयोजक एवं सदस्यों की मीटिंग होगी। इस कार्यक्रम में पंजाब के पीडब्ल्यूडी एवं शिक्षा मंत्री विजय इंद्र सिंगला, हिमाचल भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री पवन बंसल, अप्पर महा सॉलिटेयर जनरल, भारत सरकार सत्यपाल जैन, विधायक घनश्याम सर्राफ, कमल गुप्ता, सुधीर सिंगला, असीम गोयल, दीपक मंगला, गोपाल कांडा, नरेंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री के निजी सलाहकार राजेश गोयल, पब्लिसिटी सेल हरियाणा के चेयरमैन रॉकी मित्तल, पूर्व मंत्री विपुल गोयल, कविता जैन सम्मानित अतिथि होंगे। कुलभूषण गोयल ने बताया कि सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यसमिति की मीटिंग में पहली बार 19 राज्यों के प्रतिनिधि एवं डेलिगेट हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं। टूरिज्म सेंटर, एयरपोर्ट का महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखने, हरियाणा में अग्रवाल समुदाय से मंत्री बनाने जैसी मांगों पर जोर दिया जाएगा। इंटेलेक्चुअल फॉर्म के चेयरमैन डॉ. नरेश मित्तल ने बताया कि एक अग्रवाल हेल्पलाइन नंबर भी 14 मार्च को लांच किया जाएगा, जोकि 24 घंटे, 7 दिन चलेगा। इस हेल्पलाइन नंबर पर अग्रवाल समुदाय के किसी भी व्यक्ति के साथ कहीं ज्यादती हो रही है, तो उसकी मदद के लिए 4 युवाओं की टीम काम करेगी। इसमें सरकारी, कानूनी एवं आर्थिक तौर पर मदद की जाएगी। साथ ही हेल्पलाइन के जरिए बेरोजगार अग्रवाल युवाओं को फैक्ट्रियों एवं अन्य संस्थानों में नौकरियों का प्रबंध करने पर विशेष फोकस रहेगा।