पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सेमीफ़ाइनल में भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान

सेमीफ़ाइनल में भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भुवनेश्वर में खेली जा रही पुरूष चैंपियंस ट्रॉफ़ी हॉकी चैंपियनशिप में शनिवार को सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले खेले जाएंगे.

पहले सेमीफाइनल में जर्मनी का सामना पिछली पांच बार की चैंपियन टीम ऑस्ट्रेलिया से होगा.

दूसरे सेमीफाइनल में मेज़बान भारत का सामना पाकिस्तान से होगा.

हॉकी की यह दो एशियाई धुरंधर टीमें इससे पहले इसी साल इंचियोन एशियाई खेलों के फ़ाइनल में भी भिड़ चुकी हैं.

तब भारत ने टाईब्रेकर में पाकिस्तान को हराकर 16 साल बाद एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीता था.

ख़राब शुरुआत

इस बार चैंपियंस ट्रॉफ़ी में भारत ने शुरुआत बेहद ख़राब की. पूल बी में पहले तो वह अंतिम क्षणों में खाए गए गोल के कारण जर्मनी से 1-0 हारा. उसके बाद भारत अर्जेंटीना से 4-2 से हारा.

आख़िरकार लीग चरण के अंतिम मैच में भारत ने नीदरलैंडस को 3-2 से मात दी. लेकिन भारत का असली रंग दिखा क्वॉर्टर फ़ाइनल में जहां उसने बेल्जियम को 4-2 से हराया.

दूसरी तरफ़ पूल ए में पाकिस्तान का भी यही हाल रहा.

पाकिस्तान अपने पहले मैच में बेल्जियम से 2-1 से और उसके बाद इंग्लैंड से 8-2 से हारा. अपने अंतिम लीग मैच में पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया से भी 3-0 से हारा.

इसके बावजूद इस टूर्नामेंट के प्रारूप की वजह से सभी टीमों को क्वॉर्टर फ़ाइनल मैच खेलने का अवसर मिला. क्वॉर्टर फाइनल में पाकिस्तान ने नीदरलैंडस को 4-2 से हराकर बड़ा उलटफेर किया.

\'डिफ़ेंस कमज़ोर\'

भारत के पूर्व कप्तान अशोक कुमार का मानना है कि सेमीफ़ाइनल में पलड़ा भारत का भारी है. वैसे भारत को मेज़बान होने के कारण चैंपियंस ट्रॉफ़ी में खेलने का अवसर मिला था.

अशोक कुमार को भारत का डिफ़ेंस कमज़ोर नज़र आता हैं. इसके बावजूद उनका यह भी मानना है कि जो टीम कमज़ोरियों से पार पाकर जीत हासिल करती हैं उसका असर टीम का मनोबल बढ़ाता है.

अशोक कुमार के अनुसार पाकिस्तान का खेल उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा. पिछले मैच को छोड़कर उन्होंने निराश ही किया.

दूसरी टीमों के खेल से हैरान अशोक कुमार को अब यह लगने लगा है कि हॉकी में भी अब क्रिकेट की तरह कुछ भी कहना मुश्किल होता जा रहा है.

वैसे भारत और पाकिस्तान साल 2012 में भी चैंपियंस ट्रॉफी में कांस्य पदक के मुक़ाबले में आमने-सामने हुए थे जहां पाकिस्तान ने भारत को 3-2 से हराया था.

अगर भारत पाकिस्तान को हरा पाया तो वो पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में दाख़िल होगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)