अलग-अलग फील्ड में बेहतर काम करने वाली महिलाओं को सम्मान
सिटी रिपोर्टर | रांची
मेकॉन विप्स ने महिला दिवस पर मेकॉन कार्यालय में सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। इस दौरान मेकॉन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अतुल भट्ट ने सभी महिला कर्मियों से कहा कि आज के समय में महिलाओं का योगदान हर क्षेत्र बहुत अहम है। निदेशक वित्त आरएच जुनेजा और कार्यकारिणी निदेशक सीडी गोस्वामी ने उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम में निगमित संचार व मानव संसाधन विकास विभाग की मुख्य महाप्रबंधक समेत मेकॉन की सभी महिला कर्मचारियों ने भाग लिया। अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को भट्ट ने सम्मानित किया। इसमें सोहराई एवं मधुबनी कला को बढ़ावा देने के लिए जयश्री इंदवार, दिव्यांग व गरीब बच्चों के लिए काम कर रही शीला लिंडा, गरीब लड़कियों को रेसलिंग की निशुल्क प्रशिक्षण दे रहीं नमिता सिंह, मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र मे डॉली सिंह, सुंगी गांव के बच्चों व महिलाओं को शिक्षा एवं कौशल विकास से जोड़ने के लिए नीलम गुरिया, शिक्षा के क्षेत्र मे जरूरतमंद बच्चों के लिए काम कर रही अनीता सिंह एवं गांव की महिलाओं को मासिक धर्म से संबंधित साफ सफाई से अवगत कराने केे लिए मंगेश झा शामिल रहे।