पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमधेपुरा. मधेपुरा जिले के गम्हरिया प्रखंड के बभनी पंचायत के दाहा गांव की कौशल्या देवी उर्फ बैजंत्री देवी जीवित होने का शपथ पत्र दे रही है, पर विगत चार माह से आलाधिकारी उसे जीवित मानने को तैयार नहीं हैं। मां को न्याय दिलाने के लिए छोटा बेटा जगदीश खां दर-दर भटक रहा है।
उन्होंने अपने बड़े भाई पर जीवित मां का फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र बना कर जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। 10 कट्ठा जमीन के लिए पहले ही उसके बड़े भाई ने 100 वर्षीया मां को मृत घोषित करवा दिया है। इस बीच फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र के आधार पर कौशल्या देवी के नाम की जमीन बेंच दी। कौशल्या देवी ने शपथ-पत्र देकर यह घोषित किया है कि उनकी मृत्यु नहीं हुई है। हालांकि गुरुवार को मामले पर संज्ञान लेते हुए बीडीओ ज्योति गामी ने दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर मामले की जांच करने का निर्देश दे दिया। फिलवक्त कौशल्या के जिंदा होने की जंग जारी है।
फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र को रद्द करने की मांग
जगदीश खां ने बीडीओ से कहा है कि निबंधन पदाधिकारी बभनी द्वारा जारी मृत्यु प्रमाण पत्र संख्या 472316 फर्जी है। उन्होंने कौशल्या देवी के नाम से निर्गत फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र को रद्द करने की मांग की है। दूसरी तरफ जगदीश खां ने अपनी मां कौशल्या देवी की जिंदा करार देने के लिए ग्राम कचहरी में गुहार लगाई तो सरपंच ने विधिवत जांच कराकर यह प्रमाणपत्र निर्गत कर दिया है कि कौशल्या उर्फ बैजंत्री देवी जी स्व बलदेव खां की विधवा है।
प्रमाण पत्र फर्जी निकला तो होगी कार्रवाई
मामले की जांच के लिए पंचायत सचिव और प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक को संयुक्त रूप से निर्देश दिया है। रिपोर्ट में अगर निर्गत मृत्यु प्रमाण पत्र फर्जी निकला तो पहले प्रमाण पत्र को रद्द किया जाएगा। फिर प्रमाण पत्र निर्गत करने वाले संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -ज्योति गामी, बीडीओ, गम्हरिया
जमीन हड़पने के लिए बनाया फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र
बड़े भाई ने मां के हिस्से की जमीन को हड़पने के लिए न्यायालय में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र लगाया है। बभनी पंचायत के तत्कालीन पंचायत सचिव द्वारा जारी फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र को रद्द कराने की मांग बीडीओ से की गई है। -जगदीश खां, बभनी दाहा
बैजंत्री को कौशल्या बता रहा जगदीश
बभनी पंचायत के दाहा गांव निवासी मेरे पिता स्व बलदेव खां ने दो शादी की थी। पहली पत्नी मेरी मां कौशल्या देवी की मृत्यु 1996 में हो गई है। बैजंत्री देवी को कौशल्या देवी बताकर जगदीश खां हिस्सा हड़पना चाहता है। सीताराम खां, बभनी दाहा
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.