पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंफिल्लौर(पंजाब). गांव पंजढेरा में आधी रात में पति ने पत्नी को जगाकर अवैध पिस्टल दिखाकर उसमें 9 गोलियां लोड कीं और पत्नी पर चार फायर कर दिए। पत्नी को गोली लगी तो पति फरार हो गया। पुलिस ने फरार पति के खिलाफ इरादा-ए-कत्ल का केस दर्ज कर लिया है। वहीं, इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती 30 साल की राजविंदर ने बताया कि अारोपी पति ने सफेद पाउडर का नशा किया था।
पिस्टल निकाली और बोला कि इसे फिल्मों में तमंचा कहते हैं
- राजविंदर के मुताबिक, शुक्रवार रात वह घर के बरामदे में सो रही थी तो नशे में धुत उसका पति अमरजीत दीवार फांदकर अंदर आ गया। उसने उसे जगाया फिर पिस्टल निकाली और बोला कि इसे फिल्मों में तमंचा कहते हैं। फिर उसने 9 गोलियां लोड कीं और फिर पूछा- तुम्हें डर तो नहीं लग रहा।
- राजविंदर ने बताया कि अमरजीत ने पिस्टल उसकी छाती पर लगाई और फायर करने लगा तो उसने उसे धक्का मार दिया। तभी गोली उसकी बाजू चीरती हुई निकल गई। गोली की आवाज सुनकर उसके दोनों बच्चे भी जाग गए। उसने बच्चों के साथ खुद को घर के कमरे में बंद कर लिया।
अंधेरे में मोबाइल की लाइट में ढूंढता रहा पत्नी
- राजविंदर ने आरोप लगाया कि उसके बाद अमरजीत ने दूसरी गोली चलाई तो खिड़की का शीशा टूट गया। उसने कमरे की लाइटें बंद कर दीं और बच्चों को बेड के नीचे छिपाकर खुद जमीन पर लेट गई। पति ने तीन और गोलियां चलाईं। कमरे में अंधेरा होने के कारण मोबाइल फोन की लाइट से जब उसे खून से लथपथ जमीन पर गिरी देखा तो वह उसे मरी समझकर फरार हो गया।
बच्चों ने बताया तो पहुंचाया गया अस्पताल
राजविंदर ने बताया कि अमरजीत के जाने के आधे घंटे बाद बच्चे बेड के नीचे से निकले और उसे खून से लथपथ देखकर मोहल्ले में ही रहने वाली मौसी को बुला लाए। मौसी ने पुलिस को सूचना दी और उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को घटनास्थल से चार खोल और एक गोली मिली है।
दोनों की हुई है दूसरी शादी
- राजविंदर और अमरजीत सिंह दोनों एक ही गांव सिधवां बेट के रहने वाले हैं। दोनों की पहले भी शादी हो चुकी है। राजविंदर के पति का देहांत हो चुका है जबकि, अमरजीत तलाकशुदा है। राजविंदर के दो बच्चे- लड़का और लड़की हैं।
- 5 साल पहले उसकी शादी सिधवां बेट लुधियाना के रहने वाले अमरजीत सिंह से हुई थी। वह लोगों के घरों में सफाई आदि करके बच्चे पाल रही है।
- शादी के बाद उसे पता लगा कि अमरजीत कोई काम नहीं करता और नशे का आदी है। उसे पहले भी जगरांव सीआईए स्टाफ की पुलिस नशा तस्करी के आरोप में दो बार पकड़ कर जेल भेज चुकी है। जमानत के बाद से वह भगौड़ा है। उसके पास अवैध हथियार रिवाल्वर व पिस्टल भी है। वह उसे कई बार समझा चुकी थी। दो महीने से पुलिस के डर से वे फिल्लौर के गांव पंजढेरा जगतपुरा में किराये के मकान में रह रहे हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.