पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअजमेर. शादी के छह साल बाद भी संतान नहीं होने से विवाहिता ने डिप्रेशन की हालत में रविवार रात ट्रेन के आगे छलांग लगा ली, घटना का दर्दनाक पहलू यह है कि पत्नी को मृत समझ कर पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि ट्रेन की चपेट में आने से पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हालत में जेएलएन अस्पताल में जीवन-मौत के बीच संघर्ष कर रही है। ह्रदय विदारक घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि नि:संतान दंपत्ति नाते-रिश्तेदारों की तानाकशी से बेहद दुखी था। अस्पताल में भर्ती विवाहिता की हालत सामान्य होने पर पुलिस उसके बयान दर्ज करेगी। फिलहाल उसके पति के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
बचाने के लिए पीछे-पीछे गया था पति, ट्रेन के आगे कूदते देखा तो होश खो बैठा
अलवर गेट थाना इलाके में रहने वाले हिम्मत सिंह और उसकी पत्नी के बीच रविवार रात कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ था। गुस्से में पत्नी रेनू घर से यह कहते हुए बाहर निकली थी कि वह ट्रेन के आगे कूदकर जान दे देगी। हिम्मत सिंह पत्नी रेनू को समझाने के लिए उसके पीछे-पीछे रेलवे स्टेशन तक गया था, लेकिन अचानक रेनू ने जयपुर-भोपाल ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। रेनू को गिरने देख हिम्मत सिंंह होश खो बैठा और वह उल्टे पैर घर लौट आया और कमरे में बंद होकर उसने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली, जबकि उधर ट्रेन ड्राइवर की समझदारी से रेनू की जान बच गई। छलांग लगाने से वह गंभीर रूप से घायल जरूर हुई लेकिन मौत के मुंह से बच गई। जीआरपी थाना पुलिस ने उसे जेएलएन अस्पताल में भर्ती करवा दिया।
औलाद नहीं होने का दुख
मृतक हिम्मत सिंह की पत्नी रेनू के भाई गुर्जर धरती, नगरा निवासी हेमन्त के अनुसार उसकी बहन रेनू की शादी छह साल पहले हिम्मत सिंह से हुई थी, उसके बाद से ही रेनू व हिम्मत सिंह संतान सुख से वंचित थे। दोनों ने कई चिकित्सकों से काफी इलाज भी कराया था, लेकिन संतान नहीं होने के कारण वे डिप्रेशन में थे। अलवर गेट थाना पुलिस ने बताया कि मृतक हिम्मत सिंह का शव का सोमवार सुबह जवाहर लाल नेहरू अस्पताल से पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को सौंप दिया। दूसरी ओर जीआरपी थाना पुलिस ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आकर जख्मी हुई रेनू पत्नी हिम्मत सिंह का उपचार जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में जारी है, वह फिलहाल बयान देने की हालत में नहीं है। इस कारण उससे पूछताछ नहीं की जा सकी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.