पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंसहरसा. बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर की सकीना को अपने जीजा से शादी करने की कीमत खून बहाकर चुकानी पड़ेगी अगर यह पता होता तो वह कभी अपने जीजा से शादी नहीं करती। बड़ी बहन की मौत के बाद बहन की कोख से जन्मी बच्ची को मां का प्यार देने के लिए उसने जीजा से शादी के प्रस्ताव पर हामी भर दी थी। मामला सिमरी बख्तियारपुर पुलिस सर्किल के सलखुआ थाना अंतर्गत पूर्वी कोसी तटबंध के अंदर चिड़ैया ओपी के बसाही महादलित टोला का है।
रविवार की रात पति पंकज सादा ने पत्नी सकीना देवी को गोली मारकर जख्मी कर दिया। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। जख्मी 19 वर्षीय सकीना चानन पंचायत के गांव बसाही निवासी देवो सादा की पुत्री है। गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी है। ग्रामीणों व परिजनों के सहयोग से उसे सलखुआ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पति से नाखुश चल रही सकीना
सकीना पति से नाखुश चल रही थी और जीजा से पति बने पंकज सादा साली से पत्नी बनी सकीना को विदाई कर घर ले जाना चाह रहा था। दोनों के बीच दांपत्य जीवन में खटास आ गई थी। शनिवार को नाखुश पति, पत्नी को ससुराल ले जाने के लिए दबाव बनाने लगा। पत्नी के इनकार करने पर उसने पिस्तौल से सकीना की छाती में गोली मार कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। मौके से ग्रामीणों ने एक पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस बरामद किया, जिसे पुलिस के सुपुर्द किया गया।
तीन वर्ष पूर्व हुई थी बड़ी बहन की मौत
आरोपी की पहली पत्नी और सकीना की बड़ी बहन मनीषा की मौत 3 वर्ष पूर्व हो गई थी। बसाही निवासी देवो सादा ने अपनी बड़ी बेटी की मौत के बाद अपनी छोटी बेटी सकीना की शादी दामाद पंकज सादा से कर दी थी। पंकज सादा ने सकीना के साथ दूसरी शादी रचाकर उसे पत्नी बनाया। दोनों पति-पत्नी के बीच आपसी तालमेल का अभाव बना रहा।
बर्बर रवैया-पिता ने एक दिन बाद ससुराल जाने देने की कही थी बात
घटना के बारे में सलखुआ थाना क्षेत्र के सहुरिया बसाही गांव निवासी सकीना देवी (19 वर्ष) के पिता देवो सादा ने बताया कि शनिवार की देर रात पंकज अपनी ससुराल आया था। रविवार को देर शाम उसने अपने ससुर देवो सादा से सकीना को विदा करने को कहा। देवो ने कहा कि शाम हो गई है, कुछ कपड़े भी खरीद लेता हूं। सकीना कल चली जाएगी। इस पर पंकज ने सकीना को ससुराल चलने को कहा। सकीना के इंकार करने पर उसने गुस्से में आकर गोली चला दी और मौके से भाग निकला। गोली सकीना के कंधे में लगी। परिजन उसे सलखुआ पीएचसी ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हो रही छापेमारी
घटना की सूचना पर पुलिस सदलबल घटनास्थल पर पहुंची। मामले की जांच-पड़ताल करने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
राजीव लाल पंडित, ओपीध्यक्ष, चिड़ैया, सलखुआ
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.