एचईसी को परमाणु ऊर्जा में विलय का करूंगा प्रयास
{ एचईसी मजदूर संघ ने सांसद के नेतृत्व में अर्जुन राम मेघवाल से मिला
एचईसी मजदूर संघ, बीएमएस के पदाधिकारियों की टीम ने गुरुवार को सांसद संजय सेठ व भाजपा नेता विनय जायसवाल के नेतृत्व में भारी उद्योग एवं लोक उद्यम एवं संसदीय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल के साथ बैठक की। इस बैठक में संजय सेठ ने एचईसी का परमाणु ऊर्जा में विलय को लेकर बात रखी और एचईसी के रिवाइवल पैकेज व स्थाई सीएमडी के साथ रेलवे से कार्यादेश दिलाने की मांग की। मेघवाल ने कहा कि एचईसी में जल्द स्थाई सीएमडी बहाल किए जाएंगे। वहीं, विनय जयसवाल ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों का एक जनवरी 1997 से बकाया एरियर की राशि का भुगतान करने और एचईसी में वर्षों से काम कर रहे सप्लाई कर्मचारियों की आंतरिक स्थाई नियुक्ति करने की बात रखी। इस पर मेघवाल ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की बकाया राशि का भुगतान करने की जो अधिसूचना जारी की गई थीए उस पर पुनः विचार करते हुए इस बिंदु पर जल्द निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एचईसी में अस्थाई कर्मचारियों की कार्यकुशलता एवं लंबे समय से कार्य कर रहे कर्मचारियों की आंतरिक बहाली निकाल कर उन्हें नियुक्त किया जाएगा।
कर्मियों का पे रिविजन 2017 से है लंबित
एचईसी मजदूर संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने 2017 से लंबित पे रिवीजन, न्यूनतम वेतन 24000, सप्लाई कर्मचारियों की ग्रेच्युटी, नवनियुक्त तकनीक कामगारों की वेतन वृद्धि व प्रमोशन, पारस अस्पताल में पूर्व की भांति मेडिकल सुविधा बहाल करना व अन्य मुद्दों को बैठक में उठाया। इस पर अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि एचईसी देश का धरोहर है। इसे हर हाल में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम मैं पूरा प्रयास करूंगा कि एचईसी को परमाणु ऊर्जा में विलय जल्द किया जाए, ताकि एचईसी देशहित में काम करे एवं कर्मचारी और उनके परिवार खुशहाल हो सके। एचईसी में जो भी पदाधिकारी सही से कार्य करने में सक्षम नहीं हैं, उसे चिन्हित कर हटाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि एचईसी में दौरा कर अन्य परिस्थितियों को देख कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कहा कि उद्योग मंत्रालय व एचईसी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अन्य मुद्दों का समाधान निकाला जाएगा। इस बैठक में एचईसी मजदूर संघ के अध्यक्ष जीतू लोहरा, महामंत्री रामा शंकर प्रसाद, उपाध्यक्ष सुनील पांडे, उपाध्यक्ष रविकांत, कार्यकारिणी अध्यक्ष बसंत पलाई व मीडिया प्रभारी सुनील कुमार मौजूद थे।
प्रतिनिधिमंडल में सांसद संजय सेठ व यूनियन के पदाधिकारी।