पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. शहर में अवैध हथियारों की सप्लाय करने वाले धामनोद के एक सिकलीगर सहित 6 बदमाशों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। इनमें से एक बदमाश प्रॉपर्टी के कारोबार में दबदबा बनाने के लिए अवैध हथियार रखता था। इनके पास से लाइसेंसी बंदूक पर मिलने वाले रजिस्टर्ड कंपनी के कारतूस भी मिले हैं।
क्राइम ब्रांच के डीएसपी अनिल सिंह राठौर के मुताबिक, सूचना मिली थी कि जूनी इंदौर में लाल रंग की पल्सर पर दो बदमाश हथियार लेकर घूम रहे हैं। घेराबंदी कर उन्हें दबोचा तो उन्होंने अपना नाम राजेंद्र उर्फ हनी भाटिया (19) निवासी धामनोद और सनी उर्फ संदीप पांडे (26) निवासी धामनोद बताया। उनके पास से 5 पिस्टल, 4 कट्टे, 4 कारतूस मिले। आरोपी राजेंद्र उर्फ हनी हथियार बनाता है। उसकी डिलिवरी के लिए इंदौर आता-जाता रहता है। उसकी इंदौर में सनी उर्फ संदीप से पहचान थी। उसके माध्यम से काफी लोगों को हथियार बेचे। सनी ने हितेश उर्फ गोलू प्रधान (24) निवासी जगजीवन राम नगर, निजाम हैदर (23) निवासी काजी की चाल, हुसैन उर्फ कालू इकबाल (20) निवासी राजीव नगर बड़ला खजराना, अतीत बौरासी (20) निवासी पाटनीपुरा को हथियार बेचे थे। सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पिता विष्णु उस्ताद हत्याकांड में आरोपी रहा
आरोपी हितेश उर्फ गोलू के बारे में पता चला है कि वह प्राॅपर्टी का काम करता है। उसके पास से एक देशी पिस्टल मिली है। आरोपी का पिता विष्णु उस्ताद हत्याकांड में आरोपी रहा है। हितेश ने बताया कि वह प्राॅपर्टी के कारोबार में कुछ लोगों पर रौब जमाने के लिए हथियार खरीद कर लाया था। उसका जगजीवन राम नगर निवासी शुभम् पटेल से विवाद चल रहा है। इसलिए भी पिस्टल साथ लेकर घूमता था। वहीं आरोपी अतीत बौरासी आदतन अपराधी है। इसने दादागीरी दिखाने के लिए 12 बोर का कट्टा लिया था। निजाम से 1 देशी पिस्टल व 2 कारतूस, हुसैन से 2 देशी पिस्टल व 1 कारतूस और अतीत से 12 बोर का 1 कट्टा मिला है।
निजाम ने बताया कि उसने एक देशी पिस्टल अपने मामा हसन निवासी चंदन नगर से खरीदी थी। हसन पहले गिरफ्तार हो चुका है। निजाम ने बताया कि उसने 1 देशी पिस्टल व 2 कारतूस साथी सलमान निवासी छोटी खजरानी को भी दी थी। सलमान जेल में है। आरोपी हुसैन ने बताया कि वह खजराना रिंग रोड पर मोटर साइकल सुधारने का काम करता है। उसने गुजरेवाले सनी से 2 पिस्टल खरीदी थी। वह उसे महंगे दाम में बेचने की फिराक में था।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.