पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंआदेश कुमार गुप्त
खेल पत्रकार, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में मंगलवार से चार टेस्ट मैचों की सिरीज़ का पहला मैच शुरू होने जा रहा है.
पहला टेस्ट मैच चार तारीख़ से ब्रिस्बेन में शुरू होना था. बीते हफ़्ते ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ फ़िल हयूज़ की बाउंसर लगने से मौत की वजह से पूरे कार्यक्रम में थोड़ा बदलाव किया गया.
भारतीय टीम ने दो अभ्यास मैच भी खेले.
इसका भारतीय बल्लेबाज़ों रोहित शर्मा, मुरली विजय, विराट कोहली के साथ-साथ तेज़ गेंदबाज़ वरुण एरोन और स्पिनर करण शर्मा ने फ़ायदा उठाया और अपने खेल से प्रभावित किया.
लाइन और लेंग्थअभ्यास मैचों के बारे में क्रिकेट समीक्षक विजय लोकपल्ली कहते हैं कि इनका महत्व अधिक नहीं है.
उन्होंने कहा, \"जैसे ही पहली गेंद होगी वैसे ही खिलाड़ी किस तकनीक से खेलते हैं और ख़ासकर गेंदबाज़ ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर अपनी लाइन और लेंग्थ कब हासिल करते हैं, वही इस सिरीज़ को तय करेगा.\"
विजय लोकपल्ली का कहना है, \"अपने घर पर तो भारत ने उन्हें टेस्ट सिरीज़ में 4-0 से हराया था. अब ऑस्ट्रेलिया भी ऐसा ही करना चाहेगा.\"
कौन फेंकेगा पहला बाउंसर?ऑस्ट्रेलियाई टीम पर फ़िल हयूज़ की मौत का असर तो रहेगा.
मिचेल जॉनसन और पीटर सिडल की तूफानी गेंदों के सामने भारतीय बल्लेबाज़ों की कड़ी परीक्षा होगी.
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ अपने बाउंसरो के लिए जाने जाते हैं. यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन फेंकेगा इस सीरीज़ का पहला बाउंसर.
आंकड़ेवैसे पिछले दौरे में साल 2011-12 में भारत ऑस्ट्रेलिया में 4-0 से हारा था.
विजय लोकपल्ली बताते हैं, \"ऑस्ट्रेलिया को अपनी ज़मीन पर खेलने का फ़ायदा होगा लेकिन अब वह टीम पहले जैसी दमदार नहीं रही है.\"
भारत अभी तक ऑस्ट्रेलिया में 10 टेस्ट सिरीज़ खेल चुका है और कभी सिरीज़ नहीं जीता.
भारत सात सिरीज़ ऑस्ट्रेलिया में हारा है और तीन ड्रॉ रही हैं.
ऑस्ट्रेलिया में भारत ने 40 में से केवल पांच टेस्ट मैच जीते हैं और 26 में उसे हार का सामना करना पडा हैं, नौ टेस्ट मैच ड्रॉ रहे.
भारतीय बल्लेबाज़ी को लेकर विजय लोकपल्ली कहते हैं कि सलामी जोड़ी को रन बनाने होंगे. इससे भी बढ़कर विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा को भी जमकर खेलना होगा.
गेंदबाज़ी में भारत अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ ईशांत शर्मा की अगुवाई में भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी और उमेश यादव तथा स्पिनर आर अश्विन के साथ मैदान में उतर सकता है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.