पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमुंबई. आईपीएल 2018 का रोमांच बढ़ता जा रहा है। क्रिकेट प्रेमियों की नजर नामी खिलाड़ियों के साथ ही उन चेहरों पर भी जो भविष्य मे टीम इंडिया का दरवाजा खटखटाने वाले हैं। कुछ अच्छे बॉलर्स हैं तो कुछ बेहतरीन बल्लेबाज। लेकिन, भविष्य में टीम इंडिया को जरूरत है एक ऐसे विकेटकीपर बल्लेबाज की जो महेंद्र सिंह धोनी की जगह ले सके। संभव है धोनी 2019 के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट ना खेलें। ऐसे में नजरें जरूर यंग टैलेंट पर होंगी जो बेहतरीन विकेटकीपर के साथ ही शानदार बैट्समैन भी हो। आईपीएल के 11वें सीजन को गौर से देखें तो 3 चेहरों पर नजरें रुकती हैं जो भविष्य में धोनी की जगह पर टीम में आ सकते हैं। ये हैं- संजू सैमसन, ऋषभ पंत और ईशान किशन।
1) संजू सैमसन
- संजू मूल रूप से केरल के रहने वाले हैं। स्वभाव से शर्मीले संजू बहुत कम बोलते हैं। लेकिन, उनका बल्ला इस वक्त खूब चल रहा है। और इसी वजह से 23 साल के संजू चर्चा में भी हैं। रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ उनकी 92 रन की पारी ने डिविलियर्स को भी उनका मुरीद बना दिया है। वो केरल से डोमेस्टिक क्रिकेट खेलते हैं और फिलहाल, राजस्थान रॉयल्स की आईपीएल टीम का मजूबत स्तंभ हैं। शानदार विकेटकीपर हैं। संजू के पिता ने उनको बड़ा क्रिकेटर बनाने के लिए काफी मेहनत की। आईपीएल के इस सीजन की बात करें तो संजू ने 3 मैचों में 178 रन बनाए हैं। 92 रन हाईएस्ट है। इस दौरान उन्होंने 12 छक्के और 9 चौके लगाए हैं।
2) ऋषभ पंत
- 20 साल के ऋषभ मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं। लेकिन, बाद में परिवार दिल्ली आ गया। यहीं से क्रिकेट का सफर शुरू हुआ। अंडर 19 टीम में शामिल हुए। संजू सैमसन के उलट ऋषभ बिल्कुल अलग किस्म के इनसान हैं। खूब मस्ती करते हैं और आप उनके स्टायलिश अंदाज वाले वीडियो उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर देख सकते हैं। टैटू बनवाने का शौक भी है। दिल्ली का यह लेफ्ट हैंडर बैट्समैन शुरू से ही अटैकिंग हो जाता है। इसी वजह से कई बार वो बहुत जल्दी आउट भी हुए हैं। कुछ एक्सपर्ट उन्हें धोनी का विकल्प इसलिए भी मानते हैं क्योंकि ऋषभ संजू और ईशान की तुलना में विकेटकीपर ज्यादा अच्छे हैं। उम्र भी उनके पक्ष में हैं। अगर इस आईपीएल सीजन की बात करें तो 4 मैच में उन्होंने 138 रन बनाए हैं। 47 हाईएस्ट स्कोर रहा है। 20 चौके और 4 छक्के लगा चुके हैं।
3) ईशान किशन
- ऋषभ पंत की तरह ईशान किशन भी लेफ्ट हैंडर बैट्समैन और विकेटकीपर हैं। 19 साल उम्र है। जन्म वैसे तो बिहार की राजधानी पटना में हुआ लेकिन रणजी ट्रॉफी धोनी के राज्य झारखंड की तरफ से खेलते हैं। ईशान इंडिया अंडर 19 के कप्तान रह चुके हैं। उनकी सबसे बड़ी खूबी उनका शांत स्वभाव है। अकसर, मीडिया से दूर रहते हैं। एक विकेटकीपर का ओपनर होना बड़ी बात होती है। लेकिन, ईशान यहां भी फिट हैं। वो ओपनर हैं और विकेट कीपिंग के टिप्स उन्हें खुद धोनी से मिलते रहे हैं। आईपीएल के इस सीजन में अब तक ईशान ने कुल 3 मैच खेले हैं। इनमें 93 रन बनाए हैं। 44 हाईएस्ट स्कोर रहा। कुल 11 चौके और 3 छक्के अब तक लगाए हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.