पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमुजफ्फरपुर. आय से अधिक संपत्ति मामले में मुजफ्फरपुर के एसएसपी विवेक कुमार के घर पर स्पेशल विजलेंस यूनिट (एसवीयू) की टीम ने मंगलवार को भी जांच किया। एसएसपी के खिलाफ सोमवार को शुरू हुई कार्रवाई मंगलवार को दिन भर जारी रही। मंगलवार दिन भर एसएसपी की गिरफ्तारी की संभावना की खबर आती रही इसी बीच बिहार सरकार ने उनपर गाज गिरा दी। राज्य सरकार ने एसएसपी विवेक कुमार को निलंबित कर दिया है। सीटी एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा को एसएसपी का चार्ज दिया गया है।
मंगलवार को दिन भर हुई जांच
एसएसपी विवेक कुमार के सरकारी आवास समेत कई ठिकानों पर सोमवार से शुरू हुई जांच मंगलवार शाम तक चलती रही। एसएसपी आवास पर तीन हथकड़ियां मंगाई गई थी, जिसके बाद कहा गया कि उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है।
एसएसपी ने की है कड़ोरों की कमाई
अब तक एसएसपी के करोड़ों की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ है। निगरानी ने यूपी के सहारनपुर स्थित घर के अलावा मुजफ्फरनगर स्थित ससुराल को भी खंगाला है। छापेमारी के दौरान आवास पर मौजूद एसएसपी से पूछताछ भी की गई।
मुजफ्फरपुर में एसएसपी के आवास से 6.25 लाख नकद, 5.5 लाख के गहने व संपत्ति से जुड़े पेपर के अलावा 45 हजार रुपए के पुराने नोट भी जब्त किए गए। ससुराल में मोटी रकम (करीब 2 करोड़) के एफडी के करीब 100 कागजात के साथ ही संदिग्ध कैश ट्रांजेक्शन या लेन-देन से जुड़े पेपर मिले हैं। इनमें 21 लाख की एक एफडी एसएसपी की पत्नी के नाम भी है। ऑफिस व पैतृक घर से भी कुछ अहम पेपर मिले हैं।
एसवीयू के आईजी रत्न संजय ने एसएसपी के ठिकानों पर छापेमारी की पुष्टि की। बोले- आरंभिक जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति व अन्य पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट होगी। जांच में विवेक कुमार की अब तक की कुल आमदनी 80 लाख रुपए है। इसमें 46.48 लाख रुपए खर्च दिखाया है। इस तरह उनकी बचत 33.31 लाख रुपए होनी चाहिए। लेकिन, एसएसपी ने अपनी बचत 1.06 करोड़ रुपए दिखाई है।
शराब माफिया से साठगांठ का है आरोप
सूत्रों के मुताबिक आईपीएस विवेक के खिलाफ आय से 300 प्रतिशत से अधिक संपत्ति होने के साथ शराब माफिया से मिलीभगत के भी आरोप हैं। इसको लेकर एसवीयू ने मामला दर्ज कर लिया है।
किसके नाम पर कितनी संपत्ति
- निधि कुमारी (एसएसपी की पत्नी) के 23 एफडी में 22 लाख 74 हजार रुपए
- निधि कुमारी व उमा रानी वर्णवाल (एसएसपी की सास) के 4 एफडी में 3 लाख रुपए
- वेद प्रकाश वर्णवाल (एसएसपी के ससुर) व उमा रानी वर्णवाल के 29 एफडी में 46 लाख 70 हजार रुपए
- वेद प्रकाश वर्णवाल के 5 एफडी में 14 लाख रुपए
- वेद प्रकाश व निखिल वर्णवाल (एसएसपी का साला) के 27 एफडी में 35 लाख 18 हजार रुपए
- निखिल वर्णवाल के 1 एफडी में 1.50 लाख रुपए
-शैली वर्णवाल (सरहज) के 2 एफडी में 45 लाख रुपए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.