मुंबई. इरफान खान लंबे समय से लंदन में इलाज करा रहे हैं उन्हें 'न्यूरो एंडोक्राइन ट्यूमर' है। 16 मार्च को ट्वीट कर उन्होंने अपनी इस बीमारी के बारे में फैन्स को बताया था। इसके ठीक 60 दिन बाद उन्होंने अपनी अपकमिंग फिल्म 'कारवां' को लेकर ट्वीट किया है। इरफान के इस ट्वीट से फिल्म के प्रमोशन में शामिल न हो पाने का दर्द दिखाई दे रहा है।
क्या लिखा है इरफ़ान ने ट्वीट में...
- इरफ़ान ने ट्वीट में लिखा है, "शुरुआत की मासूमियत के अनुभव को खरीदा नहीं जा सकता। 'कारवां' से जुड़ने के लिए दुल्कीर और मिथिला का शुक्रिया। दो कारवां चल रहे हैं...मैं और फिल्म'।" गौरतलब है कि 'कारवां' डायरेक्टर आकर्ष खुराना की फिल्म है, जिसमें इरफान खान के साथ दुल्कीर सलमान, मिथिला पालकर,
कृति खरबंदा और अमाला अक्किनेनी अहम भूमिका में होंगे। यह फिल्म इसी साल 10 अगस्त को रिलीज होने जा रही है।
16 मार्च को इरफान ने ट्वीट में लिखा था
16 मार्च को इरफान ने ट्वीट में लिखा था, "जिंदगी में अचानक कुछ ऐसा हो जाता है, जो आपको आगे लेकर जाती है। मेरी जिंदगी के पिछले कुछ दिन ऐसे ही रहे हैं। मुझे न्यूरो एंडोक्राइन ट्यूमर नामक बीमारी हुई है। लेकिन मेरे करीब मौजूद लोगों के प्यार और ताकत ने मुझमें उम्मीद जगाई है।" उन्होंने आगे लिखा था, "इसके इलाज के लिए मैं विदेश जा रहा हूं। मेरी सभी से गुजारिश है कि वे मेरे लिए दुआएं करते रहें। मेरी बीमारी को लेकर जो अफवाह फैलाई जा रही हैं, इसके लिए बता दूं कि न्यूरो हमेशा ब्रेन के लिए नहीं होता। जिन लोगों ने मेरे स्टेटमेंट का इंतजार किया, उनका आभार। मुझे उम्मीद है कि मैं फिर से और कहानी लेकर आऊंगा।"
क्या है न्यूरो एंडोक्राइन ट्यूमर
- एंडोक्राइन ट्यूमर शरीर की उन कोशिकाओं में होता है जो एंडोक्राइन हार्मोन रिलीज करती हैं। इन्हीं कोशिकाओं के अनियंत्रित बढ़ने से यह ट्यूमर का रूप ले लेता है। इसके कई ग्रेड होते हैं। ग्रेड एक और दो नॉर्मल हैं। वहीं, ग्रेड 3 सबसे खतरनाक है। इस ग्रेड में ये कैंसर का रूप ले लेता है। यदि ग्रेड 3 का ट्यूमर है तो इसके लिए कीमोथेरेपी दी जाती है। ये ट्यूमर सिर्फ दिमाग ही नहीं बल्कि फेफड़े, पेट, पेनक्रियाज और आंतों में भी हो सकता है।