पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

भाजपा ने जम्मू-कश्मीर सरकार में शामिल अपने सभी मंत्रियों को इस्तीफा देने को कहा, पीडीपी को समर्थन जारी रहेगा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जम्मू.  जम्मू-कश्मीर में पीडीपी गठबंधन सरकार में शामिल भाजपा के नौ मंत्रियों ने मंगलवार को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा को इस्तीफे सौंप दिए। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम को अचानक मंत्रियों के इस्तीफा देने की खबर आई, जिसमें डिप्टी सीएम निर्मल सिंह का भी नाम है। सूत्रों के मुताबिक इस्तीफा देने के लिए दिल्ली से हाईकमान का आदेश आया था। सूत्रों के मुताबिक महबूबा मुफ्ती सरकार में प्रस्तावित फेरबदल को देखते हुए मंत्रियों ने इस्तीफा दिया है। दूसरी तरफ इसे कठुआ मामले से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इस बीच राम माधव तीन दिन में दूसरी बार बुधवार को जम्मू पहुंच रहे हैं। वे यहां पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

 

 

नए चेहरों को जगह देना है वजह- सूत्र

- सूत्रों के मुताबिक, अगले हफ्ते मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा, जिसमें नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। लंबे समय से भाजपा की तरफ से नए चेहरों को मंत्री बनाने पर विचार चल रहा था। 

- पार्टी ने अपने मंत्रियों को इस्तीफा देने को इसलिए कहा है ताकि नए चेहरों को कैबिनेट में जगह दी जा सके। कोर ग्रुप की मीटिंग में भी ये वजह साफ कर दी गई। कहा गया कि इस्तीफा देने का मतलब पीडीपी से समर्थन वापस लेना नहीं है, महबूबा सरकार को सपोर्ट जारी रहेगा। 

- पीडीपी के सूत्रों ने भी कहा कि भाजपा का ये कदम गठबंधन को जारी रखते हुए मंत्रिमंडल में अपने हिस्से को पुनर्गठित करने के लिए है।

 

कठुआ पर दो मंत्रियों ने दिया था इस्तीफा

-  इससे पहले कठुआ में बच्ची के साथ रेप और हत्या की घटना के बाद दो मंत्रियों उद्योग मंत्री चंद्र प्रकाश गंगा और वन मंत्री लाल सिंह ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल की अटकलें लगाई जा रही थीं।

- इन दोनों पर कथित रूप से कठुआ गैंगरेप के आरोपियों के समर्थन में निकाली गई रैली में शामिल होने का आरोप था। दोनों मंत्रियों ने महबूबा मुफ्ती को अपना इस्तीफा सौंपा था, जो उन्होंने मंजूर कर लिया।

-  हालांकि, भाजपा नेता राम माधव ने साफ किया था कि ये मंत्री रैली के समर्थन में नहीं, बल्कि उसमें शामिल लोगों को समझाने और हालात को संभालने के लिए गए थे।

 

विधानसभा में दूसरे नंबर की पार्टी है भाजपा

जम्मू-कश्मीर में फिलहाल पीडीपी और बीजेपी गठबंधन की सरकार है और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती मुख्यमंत्री हैं। पीडीपी 28 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है और भाजपा 25 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर है। नेशनल कॉन्फ्रेंस 15 सीटें जीतकर तीसरे, जबकि कांग्रेस 12 सीटों के साथ चौथे नंबर पर है।

 

महबूबा कैबिनेट में अभी तीन जगहें खाली
- लाल सिंह और चंदर प्रकाश के इस्तीफे के बाद महबूबा मुफ्ती की कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या 22 होे गई है। इनमें भाजपा के 9 मिनिस्टर भी शामिल हैं। इससे पहले पीडीपी सरकार ने पिछले महीने अपने वित्त मंत्री हसीब द्राबू को हटा दिया था। ऐसे में फिलहाल कैबिनेट में 3 जगहें खाली हो गई हैं।

 

इस्तीफा देने वाले मंत्री ने कहा- पीएम के लिए परेशानी खड़ी हुई थी

- कठुआ गैंगरेप-मर्डर केस की जांच सीबीआई से कराने की मांग करते हुए भाजपा नेता लाल सिंह ने मंगलवार को यहां पैदल मार्च निकाला। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और देश के लिए परेशानियां खड़ी हुईं इसलिए इस्तीफा दिया था।

खबरें और भी हैं...