पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली. दिल्ली मेट्रो फेज-3 की मजेंटा लाइन कालकाजी से जनकपुरी वेस्ट (25.6 किमी) के बीच 29 मई को सुबह 6 बजे से आपके लिए शुरू हो जाएगी। उससे पहले 28 मई को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शाम 4:30 बजे नेहरू एन्क्लेव मेट्रो स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। दोनों नेता नेहरू एन्क्लेव में ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद हौजखास स्टेशन तक मेट्रो की सवारी भी करेंगे। मेट्रो के इस नए सेक्शन के शुरू होने पर मेट्रो का नेटवर्क 278 किमी और 202 स्टेशन ऑपरेशनल हो जाएगा। इसमें फेज-3 का 88 किमी शामिल है।
इस लाइन पर 2021 तक 5.11 लाख यात्री करेंगे सफर
डीएमआरसी के अनुज दयाल ने कहा कि मजेंटा लाइन पूरी तरह शुरू होने के बाद हम 24 ट्रेनें चलाएंगे। इनकी फ्रिक्वेंसी 5.15 मिनट होगी। मेट्रो के इस 23 स्टेशन वाले सेक्शन पर ट्रेन ऑपरेशन शुरू होने से मेट्रो फेज-तीन के पहले सबसे लंबी 38.2 किमी पर पूरी तरह से ऑपरेशन शुरू हो जाएगा। जो रिंग रोड के समानांतर है। अभी फेज-तीन की पिंक लाइन और मजेंटा लाइन पर टुकड़ों में ट्रेन ऑपरेशन चल रहा है। इस लंबी लाइन पर अभी रोजाना 4.07 लाख और 2021 में 5.11 लाख यात्रियों के सफर का अनुमान लगाया गया है।
यहां पहुंचना भी होगा आसान...
- गुड़गांव, केंद्रीय सचिवालय, बदरपुर, कुतुबमीनार जाना आसान होगा, कॉरिडोर का बड़ा हिस्सा रिंग रोड के साथ-साथ है।
- जनकपुरी से ओखला इंडस्ट्रीयल एरिया और जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर और आसपास के होटल तक जाना आसान होगा।
एयरपोर्ट से सबसे ज्यादा यात्री...
- टी-1 आईजीआई एयरपोर्ट स्टेशन पर सबसे अधिक रोजाना 84 हजार, ग्रेटर कैलाश एन्क्लेव-1 से 46 हजार और वसंत विहार से 31 हजार लोगों की यात्रा का अनुमान है।
- मेट्रो में सबसे कम पंचशील पार्क से पांच हजार यात्रियों के आवागमन का अनुमान लगाया जा रहा है।
इंटरचेंज की सुविधा यहां से...
इस पर जनकपुरी वेस्ट में ब्लू लाइन (नोएडा या वैशाली से द्वारका) और हौजखास में येलो लाइन (बादली से हुडा सिटी सेंटर) के लिए यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। अभी फरीदाबाद लाइन के लिए कालकाजी स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा है। अब ब्लू लाइन (नोएडा या वैशाली से द्वारका) से इंटरचेंज मिलने से यात्रियों को सुविधा होगी।
नोएडा से कालकाजी तक की लाइन शुरू हो चुकी है
दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन अभी नोएडा से कालकाजी तक पब्लिक के लिए चालू है। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 दिसंबर, 2017 को शुरू किया था। कॉरिडोर का नया हिस्सा कालका जी मंदिर से जनकपुरी वेस्ट (25.6 किमी) शुरू होने से नोएडा से टी-1 आईजीआई एयरपोर्ट की दूरी सिर्फ 45 मिनट और जनकपुरी की एक घंटे रह जाएगी।
अभी डोमेस्टिक एयरपोर्ट को सीधी मेट्रो सेवा नहीं
अभी डोमेस्टिक एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए मेट्रो की सीधी सेवा नहीं है। एयरपोर्ट हाईस्पीड लाइन पर एरोसिटी स्टेशन पर उतरकर जाना पड़ता है। सेक्शन को मेट्रो सुरक्षा आयुक्त ने 15 मई को मंजूरी दी थी।
जनकपुरी वेस्ट से कालकाजी के बीच पड़ेंगे ये 15 स्टेशन
जनकपुरी वेस्ट, डाबड़ी मोड़, दशरथपुरी, पालम, सदर बाजार छावनी, टी-1 इंदिरा गांधी एयरपोर्ट, शंकर विहार, वसंत विहार, मुनिरका, आर के पुरम, आईटीआई, हौजखास, पंचशील पार्क, चिराग दिल्ली, ग्रेटर कैलाश एन्क्लेव, नेहरू एन्क्लेव, कालकाजी मंदिर। सिर्फ सदर बाजार और शंकर विहार स्टेशन एलिवेटेड है। बाकी 25.6 किमी के कॉरिडोर में 23 किलोमीटर भूमिगत है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.