पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंचतरा/ रांची. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आपके गांव को सुधारने के लिए भगवान नहीं आएंगे। इसके लिए ग्रामीणों को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि अब सरकार झारखंड मंत्रालय के एयरकंडीशन कमरे में बैठकर योजनाएं नहीं बना रही है। ग्रामीणों की सलाह मशविरा से उनके द्वारा ही गांव के विकास की योजनाएं बनाई जा रही है, जिसका सीधा असर भी नजर आने लगा है। उन्होंने शिक्षा को गरीबी मिटाने की जड़ी बूटी बताया। मुख्यमंत्री शनिवार को चतरा जिले के शेषांग गांव में वंचित समाज के बीच सामाजिक न्याय दिवस के मौके पर ग्राम स्वराज अभियान का आगाज करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
- उन्होंने कहा कि ग्राम स्वशासन अभियान के जरिये समरस गांव बनाने में सभी लोग आगे आएं ताकि शोषित, वंचित लोगों तक विकास की किरणें पहुंचे। बाबा साहब डॉ. भीम राव अांबेडकर को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का कहना था कि शिक्षा के जरिए ही विकास संभव है इसलिए लड़का-लड़की में बगैर भेदभाव किए सभी बच्चों को स्कूल भेजें।
- 14 अप्रैल से पांच मई तक चलने वाले ग्राम स्वराज अभियान के सभी अवयवों से फायदा लेने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि अपना गांव, अपना काम की सरकार की नीति के तहत ग्राम विकास समिति बनाएं। इसकी अध्यक्ष महिला होंगी एवं सचिव का कार्य कोई युवा देखेंगे।
- मुख्यमंत्री ने ग्राम स्वराज अभियान में सभी लोगों की सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा करते हुए कहा कि पांच मई को समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया गया है। प्रधानमंत्री से आग्रह किया गया है कि वे झारखंड में सखी मंडल के द्वारा मीठी क्रांति में किए गए प्रयासों की हौसला अफजाई करें।
प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत दलित बहुल गांवों में शत प्रतिशत लोगों के बैंक खाते खुलेंगे
- उन्होंने कहा कि ग्राम स्वराज अभियान के दौरान राज्य के चयनित 252 दलित बहुल गांवों में प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत शत प्रतिशत लोगों के बैंक खाते खोले जाएंगे। उज्जवला योजना के तहत मुफ्त गैस सिलेंडर और चूल्हा महिलाओं को दिए जाएंगे। उजाला योजना के तहत 50 रुपए में एलईडी बल्ब दी जाएगी। इससे बिजली की बचत होगी। सौभाग्य योजना के तहत मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया जाएगा।
- प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 330 रुपए और 12 रुपए सालाना के प्रीमियम पर बीमा सुरक्षा कवर मिलेगा। मिशन इन्द्रधनुष योजना के तहत दो वर्ष के बच्चे और सभी गर्भवती महिलाओं के लिए टीकाकरण किया जायेगा।उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान राज्य के 30 स्वास्थ्य केन्द्रों तथा 586 स्वास्थ्य उप केन्द्रों को आयुष्मान केन्द्रों (वेलनेस सेंटर) के रूप में विकसित कर 10 रोगों की जांच मुफ्त में की जायेगी।
- मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत लाभुकों के बीच गैस सिलेंडर एवं चूल्हे का वितरण किया तथा सौभाग्य योजना के तहत नए ट्रांसफार्मर का शुभारंभ भी किया।कार्यक्रम में विधायक जयप्रकाश सिंह भोगता, कल्याण सचिव हिमानी पांडे सहित अन्य मौजूद थे।
समाज तोड़ने में लगे हैं असामाजिक तत्व,शिक्षित बन उनकी पहचान करें
- मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि कई असमाजिक तत्व समाज को तोड़ने में लगे हैं। शिक्षा की दीप जलाकर इनसे बचा जा सकता है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अांबेडकर ने शिक्षा के महत्व पर काफी बल दिया था। उनका मानना था कि पहले खुद शिक्षित हों फिर समाज को शिक्षित करें। इससे कई तरह की कुरीतियां दूर करने में मदद मिलेगी। वे भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर डोरंडा में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में वे बोल रहे थे।
- सीएम ने कहा कि बाबा साहेब का सपना था कि हम एक ऐसे समाज में रहें जिसमें समता, ममता और समरसता हो। जीवन में आगे बढ़ने के लिए हमें डॉ. अंबेडकर के बताए रास्ते पर चलना होगा। बाबा साहेब ने कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा प्राप्त की उनके जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के गठन के बाद से ही अनुसूचित जाति आयोग के गठन की मांग की जा रही थी, जिसे हमारी सरकार ने पूरा किया। आज से 5 मई तक झारखंड के 21 जिलों के अनुसूचित जाति बाहुल्य 252 गांवों में विकास के लिए ग्राम स्वराज अभियान चलेगा।
- उन्होंने कहा कि विश्व में दो ही महामानव महत्त्वपूर्ण हुए, जिनमें एक मार्टिन लूथर किंग और दूसरे हमारे अपने देश में जन्मे भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर। कार्यक्रम में पद्मश्री मुकुंद नायक, अनुसूचित जाति जनजाति कर्मचारी संघ के महासचिव रतन रजक, अनुसूचित जाति महासभा झारखंड के महासचिव उपेंद्र कुमार रजक समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.